बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस काजोल (Kajol) ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान करते हुए हर किसी को चौंका दिया। काजोल ने सोशल मीडिया (Kajol Quits social media) छोड़ने का ऐलान किया है। एक्ट्रेस ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम (Instagram) पर अपने फैसले की घोषणा की। उन्होंने इंस्टाग्राम से अपने सभी पोस्ट भी हटा दिए हैं। काजोल ने इस कदम के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया। अब इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक्ट्रेस ने अचानक सोशल मीडिया को अलविदा कह दिया।
काजोल देवगन ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''सोशल मीडिया से ब्रेक ले रही हूं।'' इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें लिखा गया है, ''अपनी जिंदगी से सबसे मु्श्किल ट्रायल को फेस करने जा रही हूं।'' इस पोस्ट के अलावा एक्ट्रेस ने अपनी बाकी सभी इंस्टाग्राम पोस्ट को डिलीट कर दिए हैं।
अक्सर इंस्टाग्राम फैंस के लिए फनी और इंट्रेस्टिंग पोस्ट करने वाली काजोल का ये हालिया पोस्ट लोगों को हैरान कर रहा है। जहां कई फैंस काजोल को लेकर परेशान हैं। वहीं कई लोगों का मानना है कि वो अपनी अपकमिंग वेब सीरीज 'द गुड वाइफ (The Good Wife)' के प्रमोशन के लिए ऐसा कर रही हैं।
एक फैन ने लिखा, "मुझे आशा है कि ब्रेक आपके लिए बहुत अच्छा होगा और मैं आपको शुभकामनाएं देता हूं क्योंकि आप जीवन के कठिन हिस्सों को नेविगेट करती हैं। प्रार्थना और प्यार।" एक अन्य फैन ने लिखा। “लव यू, सुरक्षित और स्वस्थ रहें।” एक तीसरे प्रशंसक ने लिखा, "आप किसी भी समस्या का सामना करने के लिए काफी मजबूत हैं। जल्द ही आप इससे उबर जाएंगी।"
चौथे यूजर ने लिखा, "मुझे नहीं पता कि ऐसा क्या हुआ कि आपने ऐसा फैसला किया, लेकिन यह जान लें कि हम आपसे प्यार करते हैं और हम आपके कैप्शन और खूबसूरत पोस्ट को याद करते रहेंगे। हम आपको शुभकामनाएं देते हैं।"
काजोल के इंस्टाग्रम पोस्ट देखकर फैंस को खुशी होती थी, क्योंकि एक्ट्रेस अक्सर अपने पति अजय देवगन और बच्चों निसा देवगन और युग देवगन की तस्वीरें एवं वीडियो शेयर करती थीं। काजोल इंस्टाग्राम पर अपनी फिल्मों की थ्रोबैक तस्वीरें भी शेयर करती रहती थीं। अब फैंस काजोल को सोशल मीडिया पर मिस जरूर करेंगे।