Manipuri Women Horrific Video: मणिपुर में भीड़ द्वारा दो महिलाओं को नग्न घुमाने का भयावह वीडियो सामने आने के बाद से संसद से लेकर सड़क तक देशभर में हंगामा मचा हुआ है। इस बीच, बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, सोनू सूद, एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर, ऋचा चड्ढा और डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री सहित अन्य सितारों ने मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने की घटना के 4 मई के अब सामने आए वीडियो पर दुख व्यक्त करते हुए इसके दोषियों को कठोर सजा दिए जाने की मांग की है। यह वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद से मणिपुर के पहाड़ी क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि कुछ व्यक्ति एक समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड करा रहे हैं।
पूर्वोत्तर राज्य में 3 मई से जातीय हिंसा भड़कने के बाद अब तक करीब 160 लोगों की जान जा चुकी है। अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा का वीडियो देखकर वह स्तब्ध और निराश हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "मुझे उम्मीद है कि दोषियों को इतनी कड़ी सजा मिलेगी कि कोई दोबारा ऐसी हरकत करने के बारे में सोच भी न सके।"
वहीं, साल 2020 में शिवसेना में शामिल हुईं उर्मिला ने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि मई में हुई एक घटना पर अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने ट्वीट किया, "मणिपुर के वीडियो से स्तब्ध और भयभीत हूं। चिंताजनक बात यह है कि घटना मई में हुई और इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शर्म आनी चाहिए उन लोगों को जो सत्ता के नशे में चूर हैं और ऊंचे पदों पर बैठे हैं…मशहूर हस्तियां जो चुप हैं। प्रिय भारतीयो हम ये कहां आए गए हैं।"
संगीतकार विशाल ददलानी ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर लिखा, "यह पूछना बंद करें कि वह चुप क्यों हैं। जिन लोगों ने यह विवाद पैदा किया है उन लोगों से यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वे इसके खिलाफ बोलेंगे।" वहीं, विवेक अग्निहोत्री ने भी ट्वीट कर अपना रोष जताया। उन्होंने लोगों को मां भारती की संतान होने का एहसास कराया और सभ्य समाज को ऐसी हरकतों से बचने की सलाह भी दी।
इसके अलावा मणिपुर में महिलाओं के साथ हुए अपराध पर अभिनेता सोनू सूद ने अपना गुस्सा व्यक्त करते हुए लिखा, "मणिपुर में हुए हादसे ने हर किसी की आत्मा को अंदर तक हिलाकर रख दिया है। ये इंसानियत की लोगों ने परेड निकाली है, सिर्फ महिला की नहीं।"
जबकि ऋचा चड्ढा और रेणुका शहाणे ने भी दिल दहला देने वाली घटना पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात हथियारबंद बदमाशों के खिलाफ थौबल जिले के नोंगपोक सेकमाई थाने में अपहरण, गैंगरेप और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एक बयान में उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
संसद के मानसून सत्र से पहले मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने की घटना पर कानून अपनी पूरी ताकत से काम करेगा। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और मणिपुर सरकार को तत्काल कदम उठाने और वीडियो पर की गई कार्रवाई के बारे में उसे जानकारी देने का निर्देश दिया।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को पत्र लिखकर दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करेंगी।