पॉपुलर रिएलिटी शो बिग बॉस सीजन 16 (Bigg Boss 16) को अपना विनर मिल चुका है। 'बिग बॉस 16' के ग्रेंड फिनाले के आश्चर्यमिश्रित और चौंकाने वाले नतीजे में एमसी स्टेन (MC Stan) विजेता घोषित किए गए। बॉलीवुड के सुपरस्टार और बिग बॉस 16 के होस्ट सलमान खान (Salman Khan) ने 12 फरवरी को ग्रैंड फिनाले में इसकी घोषणा की। बॉलीवुड दबंग स्टार ने ग्रेंड फिनाले में तमाम उत्सुकता और रोमांचकता के माहौल में एमसी स्टेन को विजेता की ट्रॉफी दी। इसके साथ ही उन्हें 31.80 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और एक हुंडई ग्रैंड कार प्रदान की गई।
फाइनलिस्ट में शिव ठाकरे एवं प्रियंका चाहर चौधरी भी थे, लेकिन स्टेन इन दो उम्मीदवार विजेताओं को पछाड़कर पहले नंबर पर पहुंचे और खिताब अपने नाम कर लिया। शो का 16वें सीजन के कंटेस्टेंट्स ने पिछले चार महीनों में अपने प्रशंसकों का ध्यान खींचने और उनका समर्थन पाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी।
एमसी स्टेन को एकमात्र कंटेस्टेंट के रूप में सराहा जाता है जो पूरे सीजन में वास्तविक दिखाई दिए। अपनी जीत से काफी पहले, एमसी स्टेन को इस सीजन में अपनी शानदार उपस्थिति के माध्यम से अंडरग्राउंड रैपर्स के समुदाय को भारतीय मानचित्र पर लाने का श्रेय दिया गया।
फैंस रैपर के विनर बनने पर काफी खुश हैं। वहीं, कुछ लोग उन्हें ट्रॉफी के लायक नहीं बता रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि ये अनफेयर हुआ है। हालांकि, सोशल मीडिया पर एमसी स्टेन की फैन फॉलोइंग इतनी तगड़ी है कि ज्यादा एक्टिव न रहने के बावजूद वह इस लोकप्रिय शो को अपने नाम कर लिए।
कोहली, तेजस्वी और सिद्धार्थ शुक्ला को छोड़ा पीछे
पुणे के रहने वाले रैपर की बड़ी संख्या में फैन फॉलोइंग है। स्टेन के बिग बॉस के घर में रहने के दौरान उनकी टीम सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं थी। इसके बावजूद रैपर बिग बॉस 16 की ट्रॉफी जीतने में कामयाब रहे। यह इस बात का सबूत है कि स्टेन की फैन फॉलोइंग सोशल मीडिया से परे है।
हालांकि, अब जब रैपर बिग बॉस के घर से बाहर आ गए हैं तो उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना शुरू कर दिया है। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि सलमान खान के साथ स्टेन के बिग बॉस 16 जीतने वाले पोस्ट को रिकॉर्ड तोड़ लाइक्स मिले हैं।