Nikki Yadav Murder Case: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में श्रद्धा वालकर (Shraddha Walkar Murder Case) जैसा ही एक और वीभत्स हत्याकांड का मामला सामने आया है। हरियाणा की एक 22 वर्षीय युवती की सनसनीखेज हत्या ने राष्ट्रीय राजधानी को फिर से हिला दिया है। पुलिस ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में 24 वर्षीय एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद उसके शव को अपने ढाबे के फ्रिज में बंद कर दिया और उसके बाद उसी दिन दूसरी महिला से शादी करने के लिए चला गया। युवक ने प्यार में कड़वाहट आने के बाद प्रेमिका की निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी साहिल गहलोत (Sahil Gahlot) दक्षिण पश्चिम दिल्ली के मित्रांव गांव का रहने वाला है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह घटना वेलेंटाइन डे के दिन सामने आई। आरोपी की निशानदेही पर मंगलवार सुबह रेफ्रिजरेटर से 23-वर्षीय महिला निक्की यादव (Nikki Yadav) का शव बरामद किया गया।
शादी को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस ने कहा कि साहिल ने अपनी प्रेमिका निक्की यादव से यह बात छिपाई थी कि उसकी शादी किसी दूसरी महिला से तय हो गई है। जब निक्की को उसकी शादी के बारे में पता चला, तो उसकी साहिल के साथ तीखी बहस हुई, जिसके कारण साहिल ने उसकी हत्या कर दी।
एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि महिला हरियाणा के झज्जर की रहने वाली थी। यह दावा किया गया है कि वह आरोपी को किसी अन्य महिला से शादी करने पर कानूनी मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी। पुलिस ने कहा कि यह कपल पिछले कुछ वर्षों से रिश्ते में था। पुलिस के मुताबिक, निक्की, साहिल से शादी करना चाहती थी।
हत्या कर दूसरी लड़की से कर ली शादी
रिपोर्ट के मुताबिक, साहिल गहलोत ने कथित तौर पर उस ही दिन दूसरी महिला से शादी कर ली थी जिस दिन उसने अपनी प्रेमिका निक्की यादव की हत्या की थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी के परिवार ने उसकी शादी 10 फरवरी को तय की थी, जिसकी जानकारी उसने अपनी प्रेमिका को नहीं दी और इस ही बात को लेकर उन दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद आरोपी साहिल गहलोत ने निक्की यादव की हत्या कर दी। साहिल ने 9 फरवरी को प्रेमिका की हत्या कर उसी दिन अपने घर चला गया और उसके अगले दिन यानी 10 फरवरी को दूसरी लड़की से शादी कर ली।
न्यूज18 को सूत्रों ने बताया कि निक्की यादव का गहलोत के साथ गोवा में छुट्टियां मनाने का प्लान था और फ्लाइट टिकट बुक हो चुके थे। हालांकि, उसे जल्द ही पता चल गया कि गहलोत शादी कर रहा है। इसके बाद उसने यात्रा रद्द करने का फैसला किया। फिर दोनों 9 फरवरी को बाहर गए और राष्ट्रीय राजधानी में चक्कर लगा रहे थे। इसी दौरान गहलोत की शादी को लेकर दोनों के बीच बहस छिड़ गई। फिर आवेश में आकर आरोपी ने अपने मोबाइल फोन के डेटा केबल का इस्तेमाल करते हुए उसका गला दबा दिया।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि कश्मीरी गेट के पास अपनी कार में यादव की हत्या करने के बाद आरोपी शव को आगे की सीट पर रखकर घूमता रहा। वह लगभग 40 किलोमीटर तक गाड़ी चलाता रहा और मित्रांव गांव में अपने ढाबे पर पहुंचा। सूत्रों ने कहा कि आरोपी ने शव को अपने ढाबे में एक डीप फ्रीजर में रख दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को छिपाने के बाद आरोपी अपने घर चला गया और शादी से पहले के जश्न में शामिल हुआ। पुलिस ने गहलोत की कार को उसके घर से जब्त कर लिया है। फिलहाल, आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।