MCD Elections 2022: दिल्ली नगर निगम (Delhi Civic Body) चुनाव के लिए नामांकन (MCD Elections Nomination) दाखिल करने की प्रक्रिया आज यानी सोमवार 7 नवंबर से शुरू हो चुकी है। दिल्ली नगर निगम (MCD Polls) चुनाव के लिए मतदान 4 दिसंबर को होगा। जबकि मतगणना 7 दिसंबर को होगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय देव (Vijay Dev) ने शुक्रवार को यह घोषणा की थी। विजय देव ने एक प्रेस कॉन्फेंस में कहा था कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 7 नवंबर से शुरू होगी और इसके लिए अंतिम तारीख 14 नवंबर है।
19 नवंबर तक नाम ले सकते हैं वापस
नामांकन की छंटनी 16 नवंबर को की जाएगी। वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 19 नवंबर है। दिल्ली में नगर निगम के नए सिरे से परिसीमन के बाद यह पहला निकाय चुनाव होगा। 250 वार्डों के लिए चुनाव की बहुप्रतीक्षित कवायद गुजरात विधानसभा चुनाव के दो चरणों (1 और 5 दिसंबर) के बीच में होगी।
नामांकन दाखिल करने की टाइमिंग
आयोग के अधिकारियों ने कहा था कि उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी-अपनी जीत का विश्वास जताया है।
दिल्ली कांग्रेस ने कहा कि वह पिछले एक साल से एमसीडी चुनाव के लिए जमीनी तैयारी कर रही है। चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार से आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू हो चुका है।
'MCD चुनाव पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण'
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाली दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि के अनुसार भारत 2047 तक विकसित देश बन जाएगा, जहां ‘रेवड़ी संस्कृति वाली राजनीति’ के लिए कोई जगह नहीं है। आवास और शहरी मामलों के मंत्री पुरी ने यह भी कहा कि आगामी दिल्ली नगर निगम के चुनाव न केवल राष्ट्रीय राजधानी के लिए बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण हैं।
बीजेपी ने चार दिसंबर को होने वाले एमसीडी के 250 वार्डों के चुनाव के लिए अभियान तेज कर दिया है। दिल्ली बीजेपी उपाध्यक्ष आदित्य झा ने कहा कि पार्टी ने दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में वीडियो वाहन भेजे हैं। ये वाहन बीजेपी के शासन में नगर निगमों द्वारा किए गए कामकाज के वीडियो दिखाएंगे। दिल्ली में आप सरकार की विफलताओं और घोटालों को उजागर करेंगे।