बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui) और उनकी पत्नी आलिया सिद्दीकी (Aaliya Siddiqui) के बीच जारी विवाद हर दिन एक नया मोड़ लेता दिख रहा है। आलिया ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया था कि उन्हें और उनके बच्चों (शोरा और यानि) को घर से निकाल दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अब बंगले में जाने नहीं दिया जा रहा है। आलिया ने दावा किया कि उनके पास केवल 81 रुपये हैं। इस बीच, अब नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई शमास सिद्दीकी (Shamas Siddiqui) ने अभिनेता पर कई नए गंभीर आरोप लगाए हैं।
ETimes से बात करते हुए आलिया के हालिया दावों के बारे में पूछे जाने पर शमास ने कहा, "जैसा कि हमने बताया है, वे (आलिया और उनके बच्चे) लोग गेट के बाहर ही इंतजार कर रहे हैं। अंदर आने के लिए पुलिस उनकी मदद करने जा रही है। वह अपनी भांजी शिवानी के साथ यहां रूकी थीं। अभी भी उनके साथ शिवानी हैं। इसके अलावा उनकी मेड भी उनके साथ है।"
'नवाज के नाम पर ही है बंगला'
जब उनसे पूछा गया कि मीडिया में दावा किया जा रहा है कि उनका बंगला नवाजुद्दीन के नाम पर नहीं बल्कि उनकी मां के नाम पर है। इस सवाल पर शमास ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा, "ये सच नहीं है। उन्होंने (नवाजुद्दीन) हमारी मां के नाम पर झूठा गिफ्ट डीड बनवाया है, जिसे केवल नोटराइज्ड किया गया है। गिफ्ट डीड को रडिस्टर किया जाता है। वह बंगला नवाज के नाम पर ही है।"
अभिनेता के भाई ने यह भी खुलासा किया कि जब आलिया को घर में घुसने से मना किया गया था, तो उन्होंने नवाजुद्दीन को मैसेज किया था। लेकिन उन्होंने कोई रिप्लाई नहीं किया। इसके अलावा, जब उनकी बेटी शोरा सिद्दीकी ने उन्हें फोन किया, तो उन्होंने बताया कि बंगले में केवल उन्हें जाने की अनुमति है।
सिर्फ बेटी को दी घर में घुसने की इजाजत
शमास सिद्दीकी ने ने बताया कि शोरा ने नवाज को कॉल किया था। इसके जवाब में उसने उससे कहा, "तुम बंगले के अंदर जा सकती हो, लेकिन सिर्फ तुम...।" शमास के मुताबिक, नवाज ने आलिया और यानी को बंगले में जाने की इजाजत नहीं दी। उन्होंने कहा कि आलिया ने उन्हें यह जानकारी दी।
नवाज के बच्चों की वर्तमान स्थिति के बारे में शमास ने कहा, “दोनो परेशान हैं। दुबई से वापस आने के बाद वे 45 दिनों तक उस बंगले में रहे थे।" इस बीच, शमास सिद्दीकी ने यह भी दावा किया कि उन्होंने नवाजुद्दीन सिद्दिकी से बात नहीं की है, क्योंकि वह उनसे बात नहीं करते हैं।
बता दें कि आलिया सिद्दीकी के साथ नवाजुद्दीन का तलाक का मामला पिछले काफी समय से सुर्खियां बटोर रहा है। इससे पहले आलिया ने दावा किया था कि नवाजुद्दीन ने अपने दूसरे बच्चे को 'अस्वीकार' कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया था कि अभिनेता की मां मेहरुन्निसा ने उन्हें नवाज के मुंबई स्थित घर में काफी परेशान किया था। पिछले महीने बॉम्बे हाई कोर्ट ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनकी पत्नी आलिया को अपने बच्चों के मुद्दों को सौहार्दपूर्ण ढंग से जल्द से जल्द हल करने का सुझाव दिया था।