बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui) ने हाल ही में अपने भाई और अलग रह रही पत्नी आलिया (Aaliya) के खिलाफ 100 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में दीवानी मानहानि का एक मुकदमा दायर किया है। याचिका पर 30 मार्च को सुनवाई होने की संभावना है। वकील सुनील कुमार के माध्यम से दायर मुकदमे में अभिनेता ने दावा किया कि उनके भाई शमसुद्दीन सिद्दीकी और अलग रह रही पत्नी आलिया ने उनके बारे में कुछ भ्रामक दावे किए हैं।
इसलिए, नवाज़ुद्दीन ने कहा कि उनके भाई और पत्नी के खिलाफ निषेधाज्ञा का आदेश जारी किया जाना चाहिए ताकि उन्हें मीडिया या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर उनके खिलाफ मानहानिकारक बयान देने से स्थायी रूप से रोका जा सके। उन्होंने अदालत से यह भी अनुरोध किया कि दोनों को मौजूदा टिप्पणियों को वापस लेने या हटाने का निर्देश दिया जाए। अभिनेता ने अपने खिलाफ दिए गए मानहानिकारक बयानों के लिए अपने भाई और अलग रह रही पत्नी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की।
आलिया से सुलह चाहते हैं नवाजुद्दीन?
इन विवादों के बीच खबर है कि आलिया और नवाज अपने आपसी झगड़े को सुलझाना चाहते हैं। खबरों की मानें तो नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपनी पत्नी आलिया के साथ अपने विवाद को निपटाने के लिए एक कदम आगे बढ़ाया है। 'हीरोपंती 2' अभिनेता ने कुछ शर्तों के साथ एक सेटलमेंट ड्राफ्ट तैयार किया है, जिस पर वह और आलिया बातचीत करेंगे। खबर ये भी है कि सेटलमेंट के बाद आलिया एक बार फिर से नवाज के पास चली जाएंगी। इस बीच अब इस मामले पर आलिया के वकील रिजवान सिद्दीकी ने सच बताया है।
'वो कभी वापस नहीं जाएंगी...'
आलिया के वकील रिजवान सिद्दीकी ने ईटाइम्स को बताया कि आलिया के नवाजुद्दीन के पास वापस जाने की कोई संभावना नहीं है, लेकिन दोनों माता-पिता यह सुनिश्चित करेंगे कि वे अपने बच्चों के लिए अच्छा करें। रिजवान ने कहा, "नहीं, आलिया कभी भी नवाज के पास वापस नहीं जाएंगी, लेकिन वे निश्चित रूप से परिपक्व तरीके से अपने दोनों बच्चों के बेहतरी के लिए अच्छा करेंगे। जहां तक हाई कोर्ट में नवाजुद्दीन सिद्दीकी द्वारा दायर मानहानि के मुकदमे का संबंध है, मैं केवल यह कह सकता हूं कि हमें अभी तक इसकी कोई कॉपी नहीं दी गई है।"
दोनों के बीच जारी है विवाद
सिद्दीकी की याचिका में कहा गया है कि उनके बच्चों को दुबई से भारत लाने से पहले उनकी अनुमति नहीं ली गई थी। बता दें कि आलिया सिद्दीकी के साथ नवाजुद्दीन का तलाक का मामला पिछले काफी समय से सुर्खियां बटोर रहा है। दोनों ने अब तक एक-दूसरे पर कई आरोप लगाए हैं।
इससे पहले, आलिया ने दावा किया था कि नवाजुद्दीन ने उनके बच्चों को 'अस्वीकार' कर दिया और आरोप लगाया कि अभिनेता की मां मेहरुनिसा ने उन्हें अभिनेता के मुंबई स्थित घर में प्रवेश नहीं देकर परेशान किया। बाद में, अभिनेता ने यह भी दावा किया कि उनकी अलग रह रही पत्नी को केवल पैसा चाहिए। हालांकि, आलिया ने इस आरोप का खंडन किया।
पिछले महीने, बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनकी पत्नी आलिया को अपने बच्चों के संबंध में अपने मुद्दों को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने का सुझाव दिया था। इससे पहले 23 मार्च की सुनवाई में दोनों ने माना था कि वो बच्चों की खातिर अपने आपसी मसले को दरकिनार करने के लिए तैयार हैं।