VIDEO: राघव चड्ढा के साथ सगाई से पहले दुल्हन की तरह सजाया गया परिणीति चोपड़ा का घर, देखें वीडियो

रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा 13 मई को दिल्ली में सगाई करेंगे। इस अवसर पर लगभग 150 मेहमान शामिल होंगे। इस बीच, सगाई से पहले एक्ट्रेस के मुंबई स्थित घर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। परिणीति के पूरे घर को दुल्हन की तरह खूबसूरत लाइटों से सजाया गया है

अपडेटेड May 12, 2023 पर 12:10 PM
Raghav Chadha & Parineeti Chopra engagement: परिणीति के मुंबई स्थित आलीशान घर का एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है

Raghav Chadha & Parineeti Chopra engagement: 'लेडीज वर्सेज रिकी बहल' से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) बहुत जल्द आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता एवं राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा 13 मई को दिल्ली में सगाई करेंगे। इस अवसर पर लगभग 150 मेहमान शामिल होंगे। इस बीच, सगाई से पहले एक्ट्रेस के मुंबई स्थित घर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। परिणीति के पूरे घर को दुल्हन की तरह खूबसूरत लाइटों से सजाया गया है।

बता दें कि परिणीति और राघव पिछले कई हफ्तों से सुर्खियों में हैं। कई मौकों पर कपल एक साथ स्पॉट किए गए हैं। 9 मई को उनकी सगाई की रस्म जल्द ही होने की अफवाहों के बीच दोनों एक साथ दिल्ली पहुंचे। अब सगाई समारोह से ठीक दो दिन पहले परिणीति के घर को लाइट्स की रोशनी से सजाया गया है। परिणीति और राघव ने कथित तौर पर अपने सगाई समारोह के लिए मैचिंग पोशाक पहनने की योजना बनाई है।

इस बीच, परिणीति के मुंबई स्थित आलीशान घर का एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा कि एक्ट्रेस के घर में सगाई की तैयारियां शुरू हो चुकी है और घर के बाहरी हिस्से को कई सारी खूबसूरत लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। परिणीति का घर मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित है।


'फिल्मफेयर' से बात करने वाले एक सूत्र के मुताबिक, कपल की रोका सेरेमनी हो चुकी है और वे अक्टूबर में शादी के बंधन में बंधने का प्लान बना रहे हैं। सूत्र ने बताया, "परिणीति और राघव का रोका हो गया है। यह एक पारिवारिक मामला था और वे दोनों बहुत खुश हैं। इस साल के अक्टूबर के अंत तक दोनों की शादी होने की संभावना है। परिणीति और राघव कोई जल्दी में नहीं हैं।"

13 मई को होगी सगाई

हालिया मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राघव चड्ढा और परिणीति की सगाई 13 मई को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होगी। सूत्रों ने जानकारी दी कि परिणीति और राघव की सगाई समारोह में करीब 150 करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। समारोह में राजनीतिक और फिल्म बिरादरी के कई सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है।

हालांकि, शादी की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन यह इस साल के अंत में हो सकती है। राघव और परिणीति के बीच डेटिंग की अफवाहें पिछले महीने तब शुरू हुईं जब दोनों को लंदन और फिर मुंबई में एक साथ देखा गया। दोनों को अक्सर मुंबई और नई दिल्ली एयरपोर्ट पर एक साथ देखा गया है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में होगी AAP नेता राघव चड्ढा और एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा की सगाई, सामने आई तारीख

एयरपोर्ट से पिक-अप करने से लेकर रेस्टोरेंट में साथ जाने तक, परिणीति और राघव को कई बार साथ देखा गया है। हालांकि, दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते की खबरों को न तो खारिज किया है और न ही स्वीकार किया।

परिणीति की चचेरी बहन प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा काफी लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।