Raghav Chadha & Parineeti Chopra engagement: पिछले कुछ महीनों से लगातार सुर्खियों में छाए आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्सभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) और बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) के शादी को लेकर अब बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि दोनों शनिवार 13 मई को सगाई करने जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि शनिवार, 13 मई को सगाई हो रही है, जिसकी तैयारियां चल रही हैं। परिणीति पहले ही दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी हैं।
राघव चड्ढा के करीबी सूत्र के हवाले से खबरों में दावा किया गया दोनों की सगाई नई दिल्ली में होगी। सूत्रों ने बताया कि सगाई समारोह के लिए करीब 150 करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। समारोह में राजनीतिक और फिल्म बिरादरी के कई सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है।
हाल ही में इस कपल को डिनर डेट के बाद एक रेस्टोरेंट से निकलते हुए स्पॉट किया गया। सेलिब्रिटी पैपराजी विरल भयानी द्वारा इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया गया था, जिसमें परिणीति को ऑल-ब्लैक आउटफिट में देखा जा सकता है, जबकि AAP नेता ब्लैक पैंट के साथ ग्रे शर्ट में कैजुअल दिख रहे हैं।
राघव और परिणीति के बीच डेटिंग की अफवाहें पिछले महीने तब शुरू हुईं जब दोनों को लंदन और फिर मुंबई में एक साथ देखा गया। दोनों को अक्सर मुंबई और नई दिल्ली एयरपोर्ट पर एक साथ देखा गया है।
एयरपोर्ट से पिक-अप करने से लेकर रेस्टोरेंट में साथ जाने तक, परिणीति और राघव को कई बार साथ देखा गया है। हालांकि, दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते की खबरों को न तो खारिज किया है और न ही स्वीकार किया।
सूत्रों की मानें तो दोनों इस साल के अंत तक शादी करेंगे। परिणीति की चचेरी बहन प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा काफी लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।
हाल ही में परिणीति चोपड़ा की एक तस्वीर काफी वायरल हुई थी, जिसमें एक्ट्रेस राघव चड्ढा के साथ मोहाली में IPL मैच का लुत्फ उठाती हुईं नजर आ रही हैं। मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के मैच में मोहाली क्रिकेट स्टेडियम में परिणीति और राघव ट्विनिंग करते नजर आए। खास बात यह है कि इस दौरान दोनों काले कपड़े पहने हुए थे।
मैच के रोमांच के साथ जब स्टेडियम में दर्शकों ने परिणीति और राघव को देखा तो वे और भी उत्साहित हो गए। दर्शक दीर्घा से लोग परिणीति को देखकर ‘भाभीजी’ पुकारने लगे। ये सुनकर एक्ट्रेस शरमा गईं।
इस बीच, वर्क फ्रंट की बात करें तो परिणीति इम्तियाज अली निर्देशित 'चमकीला' में दिलजीत दोसांझ के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि यह फिल्म पंजाबी सिंगर अमर सिंह चमकिला से प्रेरित है।