The Kerala Story: बंगाल में बैन के बाद यूपी में टैक्स फ्री हुई 'द केरल स्टोरी', फिल्म क्रू को मिले धमकी भरे कॉल

The Kerala Story: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घृणा या हिंसा की किसी संभावित घटना को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से राज्य में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने का आदेश दिया है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ‘द कश्मीर फाइल्स’ समाज के एक वर्ग को अपमानित करने के लिए बनाई गई थी, जबकि ‘द केरल स्टोरी’ का उद्देश्य केरल को बदनाम करना है

अपडेटेड May 09, 2023 पर 12:27 PM
Story continues below Advertisement
The Kerala Story Row: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देख सकते हैं

The Kerala Story Row: उत्तर प्रदेश में विवादास्पद फिल्म 'द केरल स्टोरी (The Kerala Story)' टैक्स फ्री की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देख सकते हैं। योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में कहा, ‘द केरला स्टोरी उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री की जाएगी।’ इससे पहले, निदेशक सूचना, शिशिर ने कहा, ‘केरल स्टोरी को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देख सकते हैं। इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी शनिवार को अपने राज्य में ‘द केरल स्टोरी’ को टैक्स फ्री करने की घोषणा की थी।

उत्तर प्रदेश बीजेपी के सचिव अभिजात मिश्रा ने शनिवार को शहर में करीब 100 छात्राओं के लिए इस विवादित फिल्म की स्क्रीनिंग का आयोजन किया था। उन्होंने एक थिएटर बुक किया और कहा कि युवा लड़कियों को कथित ‘लव जिहाद’ से बचाने के लिए फिल्म दिखाई जानी चाहिए। मिश्रा ने कहा कि फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है और दिखाती है कि कैसे भोली-भाली लड़कियों को बरगलाया जाता है और फिर उनका धर्मांतरण किया जाता है।

बंगाल में फिल्म पर बैन


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘द केरल स्टोरी’ के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने का सोमवार को आदेश दिया, ताकि ‘नफरत और हिंसा की किसी भी घटना’ को टाला जा सके। अधिकारी ने बताया कि फिल्म का प्रदर्शन करने वाले किसी भी सिनेमाघर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले दिन में सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि ‘द केरल स्टोरी’ में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है, जिसका इरादा केरल को बदनाम करना है।

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ‘द कश्मीर फाइल्स’ समाज के एक वर्ग को अपमानित करने के लिए बनाई गई थी, जबकि ‘द केरल स्टोरी’ का उद्देश्य केरल को बदनाम करना है। बनर्जी ने आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रही है। इसलिए केरल में सत्ता में रहते हुए भी उसने फिल्म के प्रदर्शन का विरोध नहीं किया।

‘द केरला स्टोरी’ के निर्माता विपुल शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा राज्य में उनकी इस फिल्म को प्रदर्शित करने पर लगाई गई रोक के खिलाफ वह कानूनी कदम उठाएंगे। विरोध प्रदर्शनों के भय से तमिलनाडु के कई सिनेमाघरों द्वारा फिल्म को प्रदर्शित करने से इनकार किए जाने के बाद निर्देशक सुदिप्तो सेन और शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाया था।

प्रतिबंध की वजह से होने वाले घाटे के बारे में पूछे जाने पर शाह ने कहा कि हम इस वक्त लाभ या हानि के बारे में बात नहीं कर रहे हैं, हम केवल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि अधिक से अधिक लोग इस फिल्म को देखें। अगर कोई राज्य सरकार या व्यक्ति फिल्म को रोकने की कोशिश करेगा तो हम हर संभव कानूनी कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘द केरल स्टोरी गंभीर सामाजिक विषय पर बनी फिल्म है।

फिल्म क्रू को धमकी भरे कॉल पर पुलिस अलर्ट

इस बीच, मुंबई पुलिस के अनुसार फिल्म 'द केरल स्टोरी' के एक क्रू मेंबर को कथित तौर पर एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा मैसेज मिला है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, फिल्म के डायरेक्टर सुदीप्तो सेन (Sudipto Sen) ने मुंबई पुलिस को सूचित किया कि क्रू मेंबर्स के सदस्यों में से एक को अज्ञात नंबर से एक मैसेज मिला था। मैसेज में कथित रूप से चेतावनी दी गई थी। मैसेज में कहा गया था कि उन्होंने फिल्म में कहानी का चित्रण करके गलती की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीएम मोदी ने भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 मई को इस विवादित फिल्म को आतंकी साजिशों को सामने लाने का श्रेय दिया था। उन्होंने कर्नाटक में एक चुनावी रैली में फिल्म का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। एक्ट्रेस अदा शर्मा अभिनीत फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ की कहानी महिलाओं के एक ऐसे कथित समूह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें धर्म परिवर्तन के लिए और आतंकवादी संगठन आईएसआईएस में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता है। सुदीप्तो सेन द्वारा निर्देशित इस फिल्म को लेकर विवाद भी हो रहा है और इसे नफरत फैलाने का जरिया बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Supertech के चेयरमैन आरके अरोड़ा को हिरासत में लिया गया, पैसा जमा कराने के आश्वासन के बाद हुई रिहाई

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।