प्रभास और कृति सेनन स्टारर ओम राउत फिल्म 'आदिपुरुष (Adipurush)' आज यानी 16 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म को क्रिटिक द्वारा मिली जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। सोशल मीडिया पर फैंस फिल्म के VFX की जमकर तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इसके कुछ किरदारों का आलोचना भी कर रहे हैं। ऐसे में एक शख्स को फिल्म की बुराई करना भारी पड़ गया। शख्स हैदराबाद स्थित एक थिएटर के बाहर फिल्म की कमियों को गिना रहा था तभी वहां मौजूद एक्टर प्रभास के फैंस ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।
यह घटना आज फिल्म की रिलीज के तुरंत बाद हुई। मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ट्विटर पर शेयर किए जा रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक दर्शक सदस्य प्रसाद आईमैक्स के बाहर जमा पत्रकारों से बात कर रहा है। जब उसने फिल्म पर अपनी निगेटिव राय रखी तो आसपास की भीड़ ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, शख्स कहता है कि फिल्म में प्ले स्टेशन गेम के सभी राक्षसों जैसा दिखाया गया है। इसमें हनुमान जी, बैकग्राउंड स्कोर और कुछ 3D शॉट्स के अलावा देखने के लायक कुछ नहीं है। इसके साथ ही शख्स ने प्रभास के भगवान राम के रोल में प्रदर्शन के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वो इसमें बिल्कुल भी नहीं जंच रहे थे। ओम राउत ने फिल्म में प्रभास को ठीक से नहीं दिखाया है।
सिनेमाघर के बाहर शख्स के इतनी आलोचना के बाद एक्टर प्रभास के फैंस उस पर भड़क गए। इसके बाद थिएटर के बाहर मौजूद साउथ एक्टर के फैंस और आलोचना कर रहे शख्स के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों में कहा-सुनी होते हुए नौबत पिटाई तक आ गई। कुछ लोग भीड़ से निकलकर उसके पास और उसमें जमकर लात-घूंसे बरसाने लगे। हालांकि, अन्य लोगों ने शख्स को बचा लिया था।
प्रभास, सैफ अली खान और कृति सेनन स्टारर आदिपुरुष ओम राउत की रामायण की व्याख्या है। फिल्म का लक्ष्य 130 करोड़ रुपये से अधिक की वैश्विक बॉक्स ऑफिस ओपनिंग है। पहले की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि फिल्म 500 करोड़ रुपये के बजट पर बनाई गई है। वितरण और ओटीटी अधिकारों की बिक्री के बाद फिल्म पहले ही 480 करोड़ रुपये कमा चुकी है।