Get App

Preity Zinta vs Congress: क्या प्रीति जिंटा का ₹18 करोड़ का लोन माफ हो गया? कांग्रेस के आरोपों पर एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी

Preity Zinta vs Congress: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने 18 करोड़ रुपये के लोन को माफ करने की अफवाहों को पूरी तरह से फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया है। एक्ट्रेस ने साफ तौर पर कहा कि अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट बीजेपी को दे दिए और 18 करोड़ रुपये माफ करवा लिए

Akhileshअपडेटेड Feb 25, 2025 पर 4:01 PM
Preity Zinta vs Congress: क्या प्रीति जिंटा का ₹18 करोड़ का लोन माफ हो गया? कांग्रेस के आरोपों पर एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी
Preity Zinta vs Kerala Congress: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने कांग्रेस के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है

Preity Zinta vs Congress: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने मंगलवार (25 फरवरी) को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर कांग्रेस को जमकर लताड़ लगाई। पोस्ट में वह 10 साल पहले लिए लोन का जिक्र करते हुए कांग्रेस पार्टी पर भड़कती और फेक न्यूज को बढ़ावा देने का आरोप लगाती नजर आईं। उन्होंने पार्टी से कहा कि उन्हें इस आरोपों के लिए शर्म आनी चाहिए। केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर आरोप लगाया था कि एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दे दिए और अपने 18 करोड़ रुपये माफ करवा लिए।

कांग्रेस केरल के X अकाउंट पर लिखा था, "उन्होंने (प्रीति जिंटा) अपने सोशल मीडिया अकाउंट BJP को दे दिए और 18 करोड़ रुपये माफ करवा लिए। पिछले हफ्ते बैंक को नुकसान हुआ और अब जमाकर्ता अपने पैसों के लिए सड़क पर आ गए हैं।" अब बॉलीवुड एक्ट्रेस ने उन आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी कि महाराष्ट्र के संकटग्रस्त न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने उनके नाम पर 18 करोड़ रुपये का लोन माफ कर दिया है।

केरल कांग्रेस की पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए प्रीति जिंटा ने कांग्रेस को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने लिखा, "नहीं, मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट खुद ही चलाती हूं और आपको फेक न्यूज को बढ़ावा देने के लिए शर्म आनी चाहिए! किसी ने मेरे लिए कुछ भी नहीं लिखा या कोई लोन नहीं लिया।" एक्ट्रेस ने किसी पार्टी द्वारा फेक न्यूज को बढ़ावा देने के लिए हैरानी जताई।

उन्होंने आगे लिखा, "मैं हैरान हूं कि कोई राजनीतिक पार्टी या उनका प्रतिनिधि मेरे नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करके फेक न्यूज को बढ़ावा दे रहा है और बेबुनियाद गपशप और क्लिकबैट में लिप्त है।" मामले को स्पष्ट करते हुए प्रीति ने आगे लिखा, "रिकॉर्ड के लिए एक लोन लिया गया था, जो पूरी तरह से चुका दिया गया था और इस बात को 10 साल से भी ज्यादा समय हो चुका है। उम्मीद है कि यह स्पष्ट हो जाएगा और मदद करेगा ताकि भविष्य में कोई गलतफहमी न हो।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें