Ranveer Allahbadia Row: रणवीर इलाहाबादिया के घर पहुंची मुंबई और असम पुलिस की टीम, लेकिन बंद मिला फ्लैट

Ranveer Allahbadia controversy: माता-पिता और यौन संबंधों को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणियों की बड़े पैमाने पर आलोचना हो रही है। इस सिलसिले में देश भर में इलाहाबादिया और अन्य के खिलाफ पुलिस में कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं

अपडेटेड Feb 14, 2025 पर 7:06 PM
Ranveer Allahbadia controversy: रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है

Ranveer Allahbadia controversy: मुंबई और असम पुलिस की टीम यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' में की गई विवादास्पद टिप्पणी की जांच के लिए शुक्रवार (14 फरवरी) को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के घर पर पहुंचीं। लेकिन उनका फ्लैट बंद मिला। माता-पिता और यौन संबंधों को लेकर रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणियों की बड़े पैमाने पर आलोचना हो रही है। इस सिलसिले में देश भर में कई स्थानों पर इलाहाबादिया एवं अन्य के खिलाफ पुलिस में कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इलाहाबादिया ने यह विवादित टिप्पणी समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' में की थी।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को पीटीआई को बताया, "रणवीर इलाहाबादिया की विवादास्पद टिप्पणी के संबंध में जांच शुरू करने वाली मुंबई पुलिस शुक्रवार को वर्सोवा इलाके में उसके फ्लैट पर गई, लेकिन घर बंद मिला।" इलाहाबादिया को उसके विवादास्पद बयानों की जांच के सिलसिले में गुरुवार को खार पुलिस थाने में उपस्थित रहने के लिए कहा गया था। लेकिन उसके पेश न होने पर पुलिस ने दूसरा समन जारी कर उसके शुक्रवार को उपस्थित होने के लिए कहा था।

उन्होंने बताया कि इलाहाबादिया ने खार पुलिस से अनुरोध किया था कि उसका बयान उससके आवास पर दर्ज किया जाए। लेकिन इस अनुरोध को ठुकरा दिया गया। इस बीच, असम पुलिस की एक टीम भी गुवाहाटी में दर्ज एक मामले में इलाहाबादिया से पूछताछ करना चाहती है। असम के एक निवासी ने शो में कथित तौर पर अश्लीलता को बढ़ावा देने के लिए शिकायत की थी।


एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "इसके अनुसार, मुंबई और असम पुलिस की टीम आज सुबह इलाहाबादिया के वर्सोवा स्थित फ्लैट पर गईं, लेकिन वहां ताला लगा हुआ था। इसके बाद दोनों पुलिस टीम खार पुलिस थाने लौट आईं।" गुवाहाटी में मामला सोमवार को दर्ज किया गया था। इलाहाबादिया और रैना के अलावा, असम में दर्ज मामले में आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और अपूर्वा मखीजा का भी नाम है।

सुप्रीम कोर्ट से भी झटका

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि रणवीर इलाहाबादिया की यूट्यूब पर एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में दायर इलाहाबादिया की याचिका पर दो-तीन दिन में सुनवाई की जाएगी। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया संजीव खन्ना और जस्टिस संजय कुमार की पीठ ने इन्फ्लुएंसर की ओर से पेश वकील अभिनव चंद्रचूड़ से कहा कि वह याचिका को तत्काल सूचीबद्ध करने के लिए मामलों का मौखिक उल्लेख करने की अनुमति नहीं देता है।

जब चंद्रचूड़ ने कहा कि असम पुलिस ने इलाहाबादिया को जांच में शामिल होने के लिए आज बुलाया है तो CJI ने कहा, "मैंने पीठ को मामला सौंप दिया है और यह मामला दो-तीन दिन में (पीठ के समक्ष) आएगा।" असम पुलिस की एक टीम उत्तर-पूर्वी राज्य में रैना के यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट’ को लेकर दर्ज मामले के सिलसिले में उन्हें समन जारी करने के लिए पुणे में है। रैना का पुणे के बालेवाड़ी में एक घर है।

ऑनलाइन शो में अश्लीलता को बढ़ावा देने के आरोप में सोमवार को गुवाहाटी में एक निवासी ने यह मामला दर्ज कराया था। इलाहाबादिया और रैना के अलावा असम में दर्ज कराए गए मामले में आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और अपूर्वा मखीजा के भी नाम शामिल हैं। इससे पहले मुंबई पुलिस ने इलाहाबादिया को मुंबई के खार पुलिस थाने में उपस्थित होने को कहा था।

ये भी पढ़ें- एल्विश यादव फिर मुश्किल में फंसे, चुम दरांग के खिलाफ नस्ली टिप्पणी के आरोप में महिला आयोग ने किया तलब

यूट्यूबर के खिलाफ मध्यप्रदेश के इंदौर में भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। महाराष्ट्र साइबर विभाग ने भी आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और कॉमेडी शो के सभी एपिसोड (कुल 18) हटाने को कहा है। फिलहाल, रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना फरार चल रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।