Elvish Yadav Gets Summoned: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर एल्विश यादव अभिनेत्री एवं बिग बॉस 18 फेम चुम दरांग के बारे में जातिवादी टिप्पणी करने के बाद विवादों में घिर गए हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने 'मिस अरुणाचल' का खिताब अपने नाम करने वाली और रियलिटी शो बिग बॉस 18 की कंटेस्टेंट रही चुम दरांग के खिलाफ नस्ली टिप्पणी करने के आरोप में एल्विश यादव को तलब किया है। अधिकारियों ने बताया कि महिला आयोग ने यादव को सोमवार 17 फरवरी, 2025 को उसके समक्ष पेश होने के लिए कहा है।
अरुणाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग (APSCW) ने एल्विश यादव (Elvish Yadav) द्वारा दरांग के खिलाफ की गई अपमानजनक और नस्ली टिप्पणी की 11 फरवरी को कड़ी निंदा की थी। एपीएससीडब्ल्यू की अध्यक्ष केंजुम पकम ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को लिखे एक पत्र में कहा कि यादव की टिप्पणी न केवल दरांग का अपमान है। बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत की महिलाओं का भी अपमान है।
एल्विश यादव ने बिग बॉस 18 के प्रतियोगी रजत दलाल के साथ एक पॉडकास्ट में दरांग का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कथित तौर पर उनके खिलाफ नस्ली टिप्पणी की थी। इन टिप्पणियों को उन्हें सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी का सामना करना पड़ा।
एल्विश का एक वीडियो वायरल हुआ था। उसमें उन्हें यह कहते हुए सुना गया, "करण वीर को पक्का कोविड था, क्योंकि चुम किसको पसंद आती है भाई...। इतना टेस्ट किसका खराब होता है...! और चुम के तो नाम में ही अश्लीलता है। नाम चुम और काम गंगूबाई काठियावाड़ी में किया है।"
चुम दरांग ने बाद में यादव के व्यवहार की निंदा करते हुए टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। एक बयान में उन्होंने इस तरह की टिप्पणियों से होने वाले नुकसान पर प्रकाश डाला और अपनी निराशा व्यक्त की।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एल्विश यादव की टिप्पणियां हास्य और नफरत के बीच की रेखा को पार करती हैं। उन्होंने कहा कि अपमान ने न केवल उनकी जातीयता को बल्कि उनके करियर में की गई कड़ी मेहनत को भी निशाना बनाया।
ट्रोल होने के बाद एल्विश यादव ने अपने यूट्यूब व्लॉग पर सफाई देते हुए कहा कि सोशल मीडिया खोलने के बाद उन्हें पता चला कि उन पर चुम के खिलाफ 'नस्लवादी शब्द' कहने का आरोप लगाया गया है। Bigg Boss OTT 2 के विजेता ने कहा, "मैंने चुम के ऊपर कुछ बोल रखा था। मैंने कहा, मैंने बोला या नहीं..., हटाओ..., मुझे नेगेटिविटी चाहिए ही नहीं...। अगर किसी को बुरा लग रहा है मेरे बोलने से, तो भाई, वो पार्ट मैंने हटा दिया।" हालांकि, सफाई के बाद भी उनकी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहा है।