Ranveer Allahbadia YouTube Channels Hacked: मशहूर YouTuber रणवीर अल्लाहबादिया के दोनों YouTube चैनल को बुधवार (25 सितंबर) रात साइबर हमलावरों ने कथित तौर पर हैक कर लिया। रिपोर्ट के मुताबिक यूट्यूब चैनल का नाम बदलकर "टेस्ला (Tesla)" कर दिया है। यह घटना हाल ही में भारतीय सुप्रीम कोर्ट के YouTube चैनल को हैक करने के बाद हुई है। रणवीर के बीयर बाइसेप्स (BeerBiceps) चैनल का नाम बदलकर "@Elon.trump.tesla_live2024" कर दिया गया, जबकि उनके निजी चैनल का नाम बदलकर "@Tesla.event.trump_2024" कर दिया गया।
हैकर्स ने उनके दोनों चैनलों से सभी इंटरव्यू और पॉडकास्ट डिलीट कर दिए। उनकी जगह टेस्ला और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के मालिक एलॉन मस्क और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इवेंट की पुरानी स्ट्रीम लगा दी।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, रणवीर अल्लाहबादिया और उनकी टीम इस साइबर हमले से हैरान हैं। वह लगातार यूट्यूब के साथ संपर्क में हैं ताकि जल्द से जल्द उनके चैनल्स को बहाल किया जा सके।
रणवीर अल्लाहबादिया ने 22 साल की उम्र में अपने पहले YouTube चैनल BeerBiceps से कंटेंट बनाने की यात्रा शुरू की। अब उनके पास लगभग 7 YouTube चैनल हैं। सभी चैनलों पर लगभग 12 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
YouTube से उनके दोनों चैनल हटा दिए गए हैं। पहले, जब हमने उनके चैनलों को खोजने का प्रयास किया, तो YouTube ने एक मैसेज शो किया जिसमें कहा गया था कि उन्हें कंपनी की नीतियों के उल्लंघन के कारण हटा दिया गया था। हालांकि, अब लाइव स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म एक मैसेज दिखाता है, 'यह पेज उपलब्ध नहीं है। इसके लिए खेद है। कुछ और खोजने का प्रयास करें।'
हालांकि, अल्लाहबादिया ने अभी तक हैक के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। X (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) पर उनकी सबसे हालिया पोस्ट 14 घंटे पहले शेयर की गई थी। यह पोस्ट सांप्रदायिक सद्भाव पर उनके पॉडकास्ट से एक छोटा वीडियो है।