Ranveer Singh News: साल 2013 में रिलीज हुई 'लुटेरा' बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण फिल्मों में से एक थी। रणवीर सिंह ने 'लुटेरा' में अपने शानदार अभिनय से कई लोगों को प्रभावित किया। हालांकि, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। लेकिन उनके फैंस को फिल्म में उनकी सह-कलाकार सोनाक्षी सिन्हा के साथ उनकी केमिस्ट्री बहुत पसंद आई। हाल ही में एक इंटरव्यू में 'लुटेरा' के डायरेक्टर विक्रमादित्य मोटवानी ने फिल्म की शूटिंग के दौरान कैमरों के पीछे क्या हुआ और कैसे रणवीर सिंह ने अपने किरदार में और गहराई लाने के लिए खुद को चुनौती दी, इस बारे में खुलकर बात की।
Mashable India के साथ एक इंटरव्यू में विक्रमादित्य मोटवानी (Vikramaditya Motwane) ने फिल्म की मुश्किल शूटिंग के बारे में बात की, जब रणवीर सेट पर सेट पर बेहोश होकर गिर गए थे। मोटवानी ने बताया है कि फिल्म के लिए रणवीर का जुनून ऐसा था कि एक सीन में उन्होंने रियल एक्स्प्रेशन देने के लिए खुद को असली दर्द दिया था। हालांकि, उनका दर्द इतना बढ़ गया कि अभिनेता सेट पर ही बेहोश हो गए थे। ऐसे में शूटिंग स्थगित करनी पड़ी थी।
शूटिंग के बारे में याद करते हुए विक्रमादित्य ने बताया कि रणवीर सिंह (Ranveer Singh) किरदार को और अधिक यथार्थवादी तरीके से निभाने के लिए दर्द महसूस करना चाहते थे। विक्रमादित्य ने बताया, "हम मार्च में डलहौजी आए थे। हमने दो दिन शूटिंग की और रणवीर की पीठ में चोट लग गई। उन्होंने कहा कि वह ठीक हो जाएंगे। अगले दिन हमने एक सीन शूट किया, जिसमें वह अपनी कमर से गोली निकालते हैं... डॉक्टर के ऑफिस के अंदर एक सीन है वहां पर उसको पेट में गोली लगती है, जिसे वो निकालता है। उन्होंने मुझसे पूछा, 'सर मैं यहां क्या डालूं? मैं दर्द महसूस करना चाहता हूं।' मैंने कहा कि बस एक्टिंग करो।"
विक्रमादित्य ने आगे बताया, "रणवीर सिंह एकदम जुनूनी हो गए थे। उन्होंने सोच लिया कि गोली निकालना है, तो दर्द फील होना चाहिए। तो उसने काले वाले बड़े पेपर क्लिप लगा दिए। वो पहाड़ से ऊपर-नीचे हो रहा था, जिससे दर्द फील हो। वो आया और उसे बहुत पसीना आ रहा था। वह आए और फिर हमने पूरा सीन शूट किया। दिन के अंत में जब हमने पूरी शूटिंग कर ली, तो उन्होंने आखिरकार क्लिप निकाल ली। उन्हें वहां बहुत दर्द हो रहा था। उन्हें एहसास ही नहीं हुआ कि उनकी पीठ में ऐंठन हो रही है।"
डायरेक्टर ने बताया कि लेकिन इस शूटिंग ने रणवीर सिंह की सेहत पर बुरा असर डाला। विक्रमादित्य ने बताया, "वह अचानक बेहोश हो गए और उन्हें बाहर ले जाना पड़ा। हमें उन्हें अगले दिन डलहौजी से चॉपर से ले जाना पड़ा, इसलिए वह शेड्यूल रद्द हो गया।"
लुटेरा 2013 में रिलीज हुई थी, जिसमें रणवीर सिंह के साथ अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की भी अहम भूमिका थी। रणवीर सिंह रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित 'सिंघम अगेन' में नजर आएंगे। इस फिल्म में अजय देवगन, करीना कपूर खान, दीपिका पादुकोण, अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ, अर्जुन कपूर और अन्य भी हैं। फिल्म 1 नवंबर को दिवाली पर रिलीज होने वाली है।