Remo D'Souza: मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा पर 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगा है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा, उनकी पत्नी और पांच अन्य के खिलाफ एक डांस मंडली से 11.96 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि 26 वर्षीय एक डांसर की शिकायत के आधार पर 16 अक्टूबर को मीरा रोड पुलिस थाने में रेमो, उनकी पत्नी लिजेल और पांच अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 465 (जालसाजी), 420 (धोखाधड़ी) सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज किया गया।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता और उसके साथियों के साथ 2018 से जुलाई 2024 के बीच कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई। FIR के मुताबिक, इस डांस मंडली ने एक टेलीविजन शो में परफॉर्मेंस दी थी और जीत हासिल की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर दिखाया कि यह डांस ग्रुप उनका है और 11.96 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि हड़प ली। अधिकारी ने बताया कि मामले के अन्य आरोपी ओमप्रकाश शंकर चौहान, रोहित जाधव, फ्रेम प्रोडक्शन कंपनी, विनोद राउत, एक पुलिसकर्मी और रमेश गुप्ता हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
इससे पहले भी रेमो पर फर्जीवाड़े का आरोप लग चुके हैं। रेमो के खिलाफ पहले भी FIR दर्ज हुआ था, जिसमें शिकायतकर्ता ने दावा किया था कि उन्होंने एक फिल्म बनाने के लिए उनसे पांच करोड़ रुपये लिए थे और 10 करोड़ रुपये देने का वादा किया था। लेकिन बाद में उन्होंने नहीं दिया। हालांकि, इस मामले में कोरियोग्राफर को इलाहाबाद हाई कोर्ट से राहत मिल गई थी।
रेमो डिसूजा बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफरों में से एक हैं। कोरियोग्राफर होने के अलावा रेमो 2009 से कई डांस रियलिटी शो में जज रह चुके हैं। वे 'डांस इंडिया डांस', 'झलक दिखला जा', 'डांस के सुपरस्टार्स', 'डांस प्लस', 'डांस चैंपियंस', 'इंडियाज बेस्ट डांसर', 'डीआईडी लिटिल मास्टर' और 'डीआईडी सुपर मॉम्स' जैसे शो में जज रह चुके हैं। 2018 से 2024 के बीच उन्होंने डांस प्लस (सीजन 4, 5, 6), इंडियाज बेस्ट डांसर, हिप हॉप इंडिया और डांस प्लस प्रो जैसे शो होस्ट किए हैं।
रेमो अपनी प्राइम वीडियो फिल्म Be Happy की रिलीज के लिए तैयार हैं, जिसमें अभिषेक बच्चन और इनायत वर्मा मुख्य भूमिका में हैं। रेमो द्वारा निर्देशित और लिजेल द्वारा निर्मित यह फिल्म एक सिंगल पिता और उसकी बेटी की कहानी है। इस फिल्म में नोरा फतेही, नासिर, जॉनी लीवर और हरलीन सेठी भी मुख्य भूमिका में हैं।