'खून के धब्बे और 200 सबूत...': रेणुकास्वामी हत्याकांड में कन्नड़ सुपरस्टार दर्शन थुगुदीपा के खिलाफ चार्जशीट दायर

Renukaswamy Murder Case: कर्नाटक पुलिस ने 33 वर्षीय रेणुकास्वामी की हत्या में शामिल दिग्गज अभिनेता दर्शन थोगुदीपा और 16 अन्य के खिलाफ बुधवार 4 सितंबर को अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) को 3,991 पृष्ठों का विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी

अपडेटेड Sep 04, 2024 पर 1:31 PM
Story continues below Advertisement
Renukaswamy Murder Case: अदालत में दायर 3,991 पन्नों के चार्जशीट में 231 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं

Renukaswamy Murder Case: बेंगलुरु पुलिस ने बुधवार (4 सितंबर) को रेणुकास्वामी हत्याकांड में कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीपा समेत 17 आरोपियों के खिलाफ चार्टशीट दाखिल किया। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की गई। पुलिस ने 24वें अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में दायर 3991 पन्नों के चार्जशीट में 231 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। एक्टर दर्शन तथा उनकी दोस्त पवित्रा गौड़ा और मामले में आरोपी 15 अन्य लोग राज्य की विभिन्न जेलों में न्यायिक हिरासत में हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिनेता के फैंस 33 वर्षीय रेणुकास्वामी ने पवित्रा गौड़ा को कथित आपत्तिजनक संदेश भेजे थे। इससे दर्शन आवेश में आ गए और कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। रेणुकास्वामी का शव 9 जून को सुमनहल्ली में एक अपार्टमेंट के निकट एक नाले के पास मिला था। आरोपियों में से एक राघवेंद्र यह कह कर रेणुकास्वामी को आरआर नगर में एक जगह पर लाया था कि अभिनेता उससे मिलना चाहते हैं।

इसी जगह पर उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि आरोपी नंबर एक पवित्रा रेणुकास्वामी की हत्या के लिए "मुख्य वजह" थी। उन्होंने दावा किया कि जांच से यह साबित हो गया है कि उसने अन्य आरोपियों को उकसाया, उनके साथ साजिश रची और अपराध में शामिल हुई।


200 सबूत मौजूद

पुलिस ने मामले में 200 से ज्यादा सबूत जुटाए हैं। इनमें दर्शन और अन्य आरोपियों के कपड़ों पर खून के धब्बों की फोरेंसिक रिपोर्ट भी शामिल है। साक्ष्य में अपराध स्थल से एक तस्वीर भी शामिल है, जिसमें रेणुकास्वामी को आरोपियों से उसे न पीटने की विनती करते हुए देखा जा सकता है। दर्शन का सीसीटीवी फुटेज और अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा के जूते पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं। इस जूते का इस्तेमाल उन्होंने कथित तौर पर रेणुकास्वामी पर हमला करने के लिए किया था।

रेणुकास्वामी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उन्हें बेरहमी से पीटा गया था और बिजली के झटके दिए गए थे। उनके शरीर पर कई चोट के निशान थे। एक कान गायब था और अंडकोष फटे हुए थे। रेणुकास्वामी की हत्या के सिलसिले में दर्शन और पवित्रा गौड़ा सहित 15 अन्य लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

ये भी पढ़ें- बेंगलुरु जेल में सिगरेट पीते एक्टर दर्शन की तस्वीर वायरल, BJP ने राहुल गांधी से पूछा- 'क्या यही खटाखट जस्टिस है?'

हाई प्रोफाइल रेणुकास्वामी मर्डर केस में गिरफ्तार कन्नड़ सुपरस्टार दर्शन थुगुदीपा की पिछले दिनों जेल के अंदर से आई एक तस्वीर पर बवाल मच गया था। वायरल तस्वीर में वो बैंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल के अंदर वीवीआईपी ट्रीटमेंट लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।