Renukaswamy Murder Case: रेणुकास्वामी की एक नई तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पीड़ित के माता-पिता ने जेल में बंद कन्नड़ सुपरस्टार दर्शन थुगुदीपा और उसके साथियों को उनके बेटे को कथित तौर पर प्रताड़ित कर हत्या करने के लिए 'राक्षस' बताया। तस्वीर में रेणुकास्वामी ने कमीज नहीं पहनी हुई है। वह कथित रूप से हत्या किए जाने से पहले जान बख्शने की मिन्नत करता दिख रहा है। रेणुकास्वामी के शरीर पर चोटों के कई निशान देखे जा सकते हैं। रेणुकास्वामी के पिता काशीनाथ एस शिवनगौडरू ने दावा किया कि इस घटनाक्रम का उनकी गर्भवती बहू पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
शिवनगौडरू ने पीटीआई से कहा, "जो तस्वीर वायरल हुई है, उसे देखने के बाद हम सकते में हैं। हमें नहीं पता कि क्या कहना है और कैसे प्रतिक्रिया देनी है। अब हम कल्पना कर सकते हैं कि उसे कितना कष्ट सहना पड़ा होगा और उसने उनसे कितनी विनती की होगी। उसे हद से ज्याद प्रताड़ित किया गया था।" उन्होंने कहा कि वह अपनी बहू को सांत्वना देने में असमर्थ हैं।
शिवनगौड़ू ने कहा, "मेरे बेटे ने दर्शन (Darshan Thoogudeepa) और उसके गिरोह के सदस्यों से अनुरोध किया कि उनके घर में उसकी मां और गर्भवती पत्नी है। लेकिन उन्होंने उसे माफ नहीं किया। वे सभी राक्षस थे। उनमें रंचमात्र भी मानवता नहीं थी।" पीड़ित के पिता ने कहा कि दर्शन और उसके गिरोह के सदस्य पुलिस में शिकायत कर सकते थे।
रेणुकास्वामी के खून के धब्बे पाए गए
सूत्रों ने बताया कि 4 सितंबर को दायर चार्जशीट में फोरेंसिक रिपोर्ट शामिल है, जिससे पुष्टि होती है कि दर्शन के कपड़ों पर रेणुकास्वामी के खून के धब्बे पाए गए थे। दर्शन, उसकी दोस्त पवित्रा गौड़ा और मामले में आरोपी 15 अन्य लोग वर्तमान में राज्य की विभिन्न जेलों में न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिनेता के फैंस 33 वर्षीय रेणुकास्वामी ने पवित्रा को अश्लील संदेश भेजे थे, जिससे दर्शन गुस्सा हो गया। इसके बाद उसने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई। उसका शव 9 जून को एक नाले के पास मिला था।
प्रताड़ना की तस्वीर वायरल
अभिनेता दर्शन थुगुदीपा और अन्य के खिलाफ रेणुकास्वामी हत्याकांड में चार्जशीट दायर करने के एक दिन बाद गुरुवार 5 सितंबर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आई। इसमें पीड़ित अपनी जान बख्शने की मिन्नत करता दिख रहा है। पुलिस के अधिकारी ने कहा कि तस्वीर में रेणुकास्वामी ने कमीज नहीं पहनी हुई है। उसके चेहरे पर डर साफ झलक रहा है। यह तस्वीर उस आघात की कहानी बयां करती है जो उसे तब समय सहना पड़ा जब उसे यातनापूर्ण मौत दी गई।
उन्होंने बताया कि रेणुकास्वामी के शरीर पर चोटों के कई निशान देखे जा सकते हैं। अन्य तस्वीर में पीड़ित को खड़े हुए ट्रक के पास जमीन पर पड़ा हुआ देखा जा सकता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे डंडों से पीटा गया, फिर उसके गुप्तांगों में बिजली के झटके दिए। इसके बाद उसे दीवार पर पटका गया, जिससे उसकी कई हड्डियां टूट गईं।