Rohit Bal Dies: मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल का निधन, 63 साल की उम्र में हार्ट अटैक से मौत

Rohit Bal Dies: भारत के मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल पिछले साल से ही दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें नवंबर 2023 में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल भी भर्ती कराया गया था, लेकिन इस साल की शुरुआत में वे काम पर लौट आए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित बल का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है

अपडेटेड Nov 01, 2024 पर 10:40 PM
Story continues below Advertisement
Rohit Bal Dies: प्रसिद्ध भारतीय फैशन डिजाइनर रोहित बल का 63 साल की उम्र में निधन हो गया है

Rohit Bal Dies: देश के मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल का शुक्रवार (1 नवंबर) को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 63 साल के थे। बल पिछले साल से ही दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें नवंबर 2023 में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल की ICU में भी भर्ती कराया गया था। उनके निधन से भारतीय फैशन जगत में शोक की लहर है। फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुनील सेठी ने पीटीआई को बताया कि डिजाइनर रोहित बल का दिल का दौरा पड़ने से शुक्रवार को निधन हुआ।

उन्होंने इस साल की शुरुआत में काम पर वापसी की थी। पिछले महीने दिल्ली में 'लैक्मे इंडिया फैशन वीक' में अपना आखिरी शो दिखाया था। हालांकि, रैंप पर डिजाइनर लड़खड़ा गए, जिससे फैंस उनके हेल्थ को लेकर चिंतित हो गए। फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को मशहूर फैशन डिजाइनर के निधन पर शोक संदेश जारी किया।

FDCI ने फैशन आइकन की तस्वीर के साथ इंस्टाग्राम पर लिखा, "हम दिग्गज डिजाइनर रोहित बल के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं। वह फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया (FDCI) के संस्थापक सदस्य थे। पारंपरिक पैटर्न और आधुनिक संवेदनाओं के अपने अनूठे मिश्रण के लिए जाने जाने वाले बल के काम ने भारतीय फैशन को फिर से परिभाषित किया और पीढ़ियों को प्रेरित किया।"


पोस्ट में आगे लिखा गया, "कला और इनोवेशन के साथ-साथ आगे की सोच की उनकी विरासत फैशन की दुनिया में जिंदा रहेगी। शांति से आराम करें गुड्डा।" मशहूर उपन्यासकार और स्तंभकार शोभा डे ने भी इंस्टाग्राम पर बाल की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

रोहित बाल को पहले से ही दिल की बीमारी थी। वह 2010 में दिल का दौरा पड़ने के बाद उनकी इमरजेंसी एंजियोप्लास्टी हुई थी। एक पारिवारिक मित्र ने इंडिया टुडे को बताया कि बाल कई सालों से पेसमेकर के साथ रह रहे थे, जिसने पिछले साल समस्याएं पैदा करना शुरू कर दिया था। इसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi Video: दिवाली पर राहुल गांधी बने पेंटर, दीया भी बनाया, भांजे रेहान से बोले- 'मुझे 10 जनपथ ज्यादा पसंद नहीं'

हालांकि, दिसंबर 2023 में उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि वह ठीक हो रहे हैं। उन्होंने दोस्तों और परिवार से निरंतर प्यार और प्रार्थनाओं के लिए आभार व्यक्त किया था। अपने शानदार डिजाइन और बॉलीवुड ग्राहकों के लिए मशहूर रोहित बल कश्मीर से थे। वह भारत के सबसे मशहूर फैशन डिजाइनरों में से एक थे। भारत समेत कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने उनके डिजाइन किए हुए कपड़े पहने हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।