बांग्लादेशी हमलावर ने ही सैफ को मारा था चाकू, एक्टर के घर में काम करने वाली महिला कर्मचारियों ने की पहचान

Saif Ali Khan Stabbing: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हाल में मुंबई के बांद्रा इलाके में 12वें फ्लोर पर स्थित उनके आवास में लूटपाट की कोशिश के दौरान एक घुसपैठिये ने कई बार चाकू से हमला किया था। सैफ की सर्जरी की गई और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। अब इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है

अपडेटेड Feb 06, 2025 पर 3:46 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Saif Ali Khan Stabbing: शरीफुल इस्लाम शहजाद को पिछले महीने सैफ पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था

Saif Ali Khan Stabbing: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के फ्लैट में काम करने वाली दो महिला कर्मचारियों ने गिरफ्तार बांग्लादेशी युवक शरीफुल फकीर की पहचान हमलावर के रूप में की है। उसने पिछले महीने लूट के इरादे से अभिनेता के घर में घुसने के बाद उन पर चाकू से कई बार वार किए थे। शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर (30) उर्फ ​​​​विजय दास को पिछले महीने सैफ पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में है।

एक अधिकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर हमले से जुड़े मामले के सिलसिले में यहां आर्थर रोड जेल में बुधवार को पहचान परेड (आईपी) कराई। उन्होंने बताया कि अभिनेता के फ्लैट में काम करने वाली एलियाम्मा फिलिप (56) और घरेलू सहायक जुनू ने शरीफुल की पहचान उस व्यक्ति के रूप में की, जिसने सैफ पर हमला किया था।

पीटीआई के अनुसार, पहचान परेड एक तहसीलदार और पांच पंचों की मौजूदगी में आयोजित कराई गई। उन्होंने बताया कि फिलिप इस मामले में प्राथमिक गवाह है, क्योंकि वारदात वाली रात आरोपी ने उस पर भी कथित तौर पर हमला किया था।


मुंबई पुलिस ने पिछले महीने कहा था कि चेहरे के मिलान के लिए की गई जांच से पुष्टि हुई है कि सैफ पर हमले के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी युवक का चेहरा बांद्रा इलाके की सतगुरु शरण अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज में देखे गए व्यक्ति से मेल खाता है। सैफ 12 मंजिला सतगुरु शरण अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में रहते हैं।

शरीफुल 16 जनवरी को तड़के सैफ के फ्लैट में कथित तौर पर लूटपाट के इरादे से घुसा था और उसने अभिनेता पर चाकू से छह बार वार किया था, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। उसे तीन दिन बाद पड़ोसी ठाणे जिले से गिरफ्तार किया गया था। हमले के बाद सैफ को पास के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी दो सर्जरी की गई थी। अभिनेता को 21 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

आकाश कनौजिया की आर्थिक मदद

महाराष्ट्र में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर उस व्यक्ति की मदद के लिए आगे आया है, जिसने दावा किया था कि सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के सिलसिले में हिरासत में लिए जाने और फिर रिहा होने के बाद उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई। सैफ अली खान पर हाल में मुंबई के बांद्रा इलाके में 12वें फ्लोर पर स्थित उनके आवास में लूटपाट की कोशिश के दौरान एक घुसपैठिये ने कई बार चाकू से हमला किया था। सैफ की सर्जरी की गई और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई।

मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद 18 जनवरी को रेलवे सुरक्षा बल ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग स्टेशन पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस-कोलकाता शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से आकाश कनौजिया (31) को हिरासत में लिया था, जो पेशे से ड्राइवर हैं। अगले दिन मुंबई पुलिस ने पड़ोसी जिले ठाणे से बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर उर्फ ​​विजय दास को गिरफ्तार किया, जिसके बाद दुर्ग आरपीएफ ने कनौजिया को छोड़ दिया।

मुंबई निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने कहा, "मैंने आकाश को वित्तीय सहायता के रूप में 11,000 रुपये दिए हैं। साथ ही उनकी शादी का खर्च भी उठाऊंगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक घटना ने उनके जीवन में इतना दुख ला दिया है।"

ये भी पढ़ें- 'हम अमेरिकी सरकार के साथ बातचीत कर रहे हैं ताकि...': US से 104 प्रवासी भारतीयों की वापसी पर विदेश मंत्री जयशंकर का बयान

कनौजिया ने 26 जनवरी को पीटीआई से बात करते हुए कहा था कि घटना के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था। उनकी होने वाली दुल्हन के परिवार ने शादी की बातचीत बंद कर दी थी। उन्होंने कहा था, "जब मीडिया ने मेरी तस्वीरें दिखानी शुरू कीं और दावा किया कि मैं मामले में मुख्य संदिग्ध हूं, तो मेरा परिवार हैरान रह गया। मुंबई पुलिस की एक गलती ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।