Get App

बांग्लादेशी हमलावर ने ही सैफ को मारा था चाकू, एक्टर के घर में काम करने वाली महिला कर्मचारियों ने की पहचान

Saif Ali Khan Stabbing: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हाल में मुंबई के बांद्रा इलाके में 12वें फ्लोर पर स्थित उनके आवास में लूटपाट की कोशिश के दौरान एक घुसपैठिये ने कई बार चाकू से हमला किया था। सैफ की सर्जरी की गई और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। अब इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है

Akhileshअपडेटेड Feb 06, 2025 पर 3:46 PM
बांग्लादेशी हमलावर ने ही सैफ को मारा था चाकू, एक्टर के घर में काम करने वाली महिला कर्मचारियों ने की पहचान
Saif Ali Khan Stabbing: शरीफुल इस्लाम शहजाद को पिछले महीने सैफ पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था

Saif Ali Khan Stabbing: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के फ्लैट में काम करने वाली दो महिला कर्मचारियों ने गिरफ्तार बांग्लादेशी युवक शरीफुल फकीर की पहचान हमलावर के रूप में की है। उसने पिछले महीने लूट के इरादे से अभिनेता के घर में घुसने के बाद उन पर चाकू से कई बार वार किए थे। शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर (30) उर्फ ​​​​विजय दास को पिछले महीने सैफ पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में है।

एक अधिकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर हमले से जुड़े मामले के सिलसिले में यहां आर्थर रोड जेल में बुधवार को पहचान परेड (आईपी) कराई। उन्होंने बताया कि अभिनेता के फ्लैट में काम करने वाली एलियाम्मा फिलिप (56) और घरेलू सहायक जुनू ने शरीफुल की पहचान उस व्यक्ति के रूप में की, जिसने सैफ पर हमला किया था।

पीटीआई के अनुसार, पहचान परेड एक तहसीलदार और पांच पंचों की मौजूदगी में आयोजित कराई गई। उन्होंने बताया कि फिलिप इस मामले में प्राथमिक गवाह है, क्योंकि वारदात वाली रात आरोपी ने उस पर भी कथित तौर पर हमला किया था।

मुंबई पुलिस ने पिछले महीने कहा था कि चेहरे के मिलान के लिए की गई जांच से पुष्टि हुई है कि सैफ पर हमले के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी युवक का चेहरा बांद्रा इलाके की सतगुरु शरण अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज में देखे गए व्यक्ति से मेल खाता है। सैफ 12 मंजिला सतगुरु शरण अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में रहते हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें