Firing outside Salman Khan Home: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) के मुंबई स्थित घर के बाहर गोलीबारी के मामले में हरियाणा से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध का संबंध गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक से है। वे घटना से पहले तथा बाद में लगातार संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति पर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई से निर्देश लेने का संदेह है। गोलीबारी की घटना के संबंध में जांच के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच की चार टीमों को नई दिल्ली, बिहार, गुजरात और राजस्थान भेजा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच में पता चला कि अनमोल बिश्नोई इंटरनेट कॉलिंग के जरिए दोनों मुख्य शूटर सागर पाल और विक्की गुप्ता के सीधे संपर्क में था। दोनों आरोपियों को शूटिंग के लिए एडवांस के तौर पर 1 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। जबकि काम पूरा होने के बाद 3 लाख रुपये और देने का वादा किया गया था।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी पुलिस के रडार पर तब आए जब उन्होंने बिश्नोई से बात करने के लिए अपने फोन चालू किए। वहीं पुलिस हथियार सप्लायर की तलाश कर रही है। पुलिस ने अनमोल बिश्नोई के खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी किया है, जो इस समय कनाडा में है।
जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई तब सुर्खियों में आया जब उसने हाल ही में एक फेसबुक पोस्ट के जरिए सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली।
फायरिंग के बाद गुजरात फरार हो गए शूटर
अधिकारी ने कहा कि रविवार को बांद्रा इलाके में सलमान खान के घर पर गोलीबारी करने के आरोप में गिरफ्तार सागर पाल और विक्की गुप्ता हिरासत में लिए गए संदिग्ध को अपनी गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दे रहे थे। फोन इंटरनेट के माध्यम से उन्हें गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पाल और गुप्ता मुंबई से भागकर भुज की ओर चले गए तथा सूरत के पास उन्होंने उस मोबाइल फोन का सिम कार्ड बदल दिया जिसका उपयोग वे बातचीत के लिए कर रहे थे।
अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी निगरानी के दौरान संज्ञान में आया कि पुलिस को भ्रमित करने के लिए वे बार-बार मोबाइल फोन बंद कर देते थे। लेकिन जिस नंबर पर उन्होंने फोन किया वह हमेशा एक ही था। अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध को हरियाणा में पकड़े जाने के बाद मुंबई लाया गया।
उन्होंने कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है लेकिन मामले में उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने पहले दावा किया था कि पाल और गुप्ता को सलमान के आवास पर गोलीबारी करने के लिए लगभग एक लाख रुपये दिए गए थे तथा काम पूरा होने के बाद और अधिक पैसे देने का वादा किया गया था।
आरोपियों ने 3 बार की थी रेकी
सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर्स लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कहने पर यह काम किया था। अब तक की गई जांच से पता चला है कि उन्होंने 14 अप्रैल को घटना को अंजाम देने से पहले अभिनेता के घर के आसपास तीन बार रेकी की थी। बिहार के चंपारण के मूल निवासी विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को सोमवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले में माता नो माध गांव से गिरफ्तार किया गया था।
जांच से पता चला कि उन्होंने पैसे के लिए गोलीबारी की। गुजरात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गुप्ता और पाल को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने सलमान खान के घर पर गोली चलाने का काम सौंपा था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।