Salman Khan vs Lawrence Bishnoi: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के मुंबई के बांद्रा में स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर चार राउंड फायरिंग हुई है। इसकी जिम्मेदारी जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के गैंगस्टर भाई अनमोल बिश्नोई ने ली है। अनमोल बिश्नोई पंजाबी गायक से नेता बने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का आरोपी है। मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी बनाए जाने के बाद अनमोल बिश्नोई अजरबैजान भाग गया था। लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को जान से मारने की कई धमकियां भेज चुका है। ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) सत्यनारायण चौधरी ने कहा कि मामले में कार्रवाई हो रही है और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की एक टीम भी इसमें लगी हुई है।
सलमान खान के सिक्योरिटी की बात करें तो नवंबर 2022 से ही उन्हें वाई प्लस सिक्योरिटी मिली हुई है। इसके अलावा सलमान खान को एक गन का लाइसेंस भी मिला हुआ है। सलमान खान ने पिछले साल एक बुलेटप्रूफ गाड़ी Nissan Patrol SUV ने खरीदी थी जिसे दुबई से आयात किया गया था।
Salman Khan vs Lawrence Bishnoi: बिश्नोई क्यों है खान के पीछे
सलमान खान पर 1998 में 'हम साथ-साथ हैं' मूवी की शूटिंग के दौरान राजस्थान में दो काले हिरणों का शिकार करने और उन्हें मारने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में सलमान खान को पांच साल जेल की सजा सुनाई गई थी लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। काले हिरणों को बिश्नोई समुदाय में पवित्र माना जाता है, लॉरेंस बिश्नोई इसी समुदाय से हैं। वर्ष 2023 में तिहाड़ जेल से अपने इंटरव्यू में लॉरेंस बिश्नोई ने कैमरे पर कहा था कि उसकी जिंदगी का एकमात्र उद्देश्य अब सलमान खान को मारना है। लॉरेंस ने कहा था कि उसे पैसा नहीं चाहिए। लॉरेंस का कहना है कि सलमान खान उनके समुदाय के मंदिर में जाएं और सबसे माफी मांगें।
कई बार मिल चुकी हैं सलमान खान को धमकियां
वर्ष 2018 में कोर्ट में पेशी के दौरान बिश्नोई ने कहा था कि वह सलमान खान को जोधपुर में मार देंगे और जब वह ऐसा करेंगे तो सभी को पता चल जाएगा। बिश्नोई ने कहा था कि अभी तो उन्होंने कुछ नहीं किया है और बिना किसी कारण के उन पर अपराध का आरोप लग रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बिश्नोई को 1998 के काले हिरण शिकार मामले की सजा के तौर पर सलमान खान को मारने का आदेश दिया गया था।
सलमान खान के पिता बांद्रा बैंडस्टैंड पर टहलने जाते हैं, वहां जून 2022 में एक धमकी वाला लेटर मिला था। इस पत्र में मई 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र किया गया था और सलमान खान को ऐसे ही अंजाम की धमकी दी गई थी। पंजाब पुलिस की जांच में पता चला कि दो लोगों ने सलमान खान के पनवेल फार्महाउस के रास्ते की रेकी की थी और एक महीने के लिए एक कमरा किराए पर लिया था। हालांकि मुंबई पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।
मार्च 2023 में सलमान खान के मैनेजर को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इसके बाद बिश्नोई और उसके सहयोगी और कनाडा में स्थित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और मोहित गर्ग के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इस ईमेल में बिश्नोई ने तिहाड़ जेल से दिए गए इंटरव्यू का हवाला दिया, जिसमें सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। मोहित गर्ग की आईडी से भेजे गए ईमेल में कहा गया था कि गोल्डी बराड़ सलमान खान से आमने-सामने बात करना चाहते हैं। इसमें आगे कहा गया था कि इस बार जानकारी दे दी गई है, लेकिन अगली बार इसके परिणाम होंगे।
अप्रैल 2023 में राजस्थान के जोधपुर में कथित तौर पर एक गौ-रक्षक ने धमकी दी थी। उसने 30 अप्रैल को सलमान खान को जान से मारने की धमकी की कॉल की थी जो 10 अप्रैल को रात 9 बजे मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को किया गया था। कॉल करने वाले ने खुद को जोधपुर से रॉकी भाई बताया। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और ठाणे से 16 साल के एक लड़के को हिरासत में लिया था।
पिछले साल नवंबर में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने फेसबुक पर एक पोस्ट डाला था। इसमें पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल को संबोधित करते हुए लिखा गया था कि आप सलमान खान को भाई मानते हैं, लेकिन अब आपके 'भाई' के आने और आपको बचाने का समय आ गया है। लॉरेंस बिश्नोई ने इस पोस्ट में आगे लिखा था कि सलमान खान इस भ्रम में न रहें कि उन्हें दाउद बचाएगा। लॉरेंस ने धमकी दी कि सलमान को कोई नहीं बचा सकता है। लॉरेंस ने कहा था कि सिधू मूसेवाला की मौत पर जिस तरर की प्रतिक्रिया दी है, वह भूला नहीं जाएगा। सभी जानते हैं कि वह किस प्रकार का शख्स था और उनके कैसे-कैसे लोगों से संबंध थे। लॉरेंस ने कहा था कि यह तो ट्रेलर है और पूरी पिक्चर जल्द रिलीज होगी। किसी भी देश में भागकर चले जाओ लेकिन याद रखना मौत को वीजा की जरूरत नहीं पड़ती है।