'अगर जिंदा रहना है तो..': सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने दी धमकी, 5 करोड़ रुपये की मांग

Salman Khan Death Threat: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार यह धमकी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने दी है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। कुछ दिन पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता जीशान सिद्दीकी और सलमान खान को भी धमकी मिली थी, जिसमें अभिनेता से 2 करोड़ रुपये की मांग की गई थी

अपडेटेड Nov 05, 2024 पर 1:14 PM
Salman Khan Death Threat: सलमान खान को लगातार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं

Salman Khan Death Threat: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से लगातर जान से मारने की धमकियों का सामना कर रहे हैं। सलमान खान को एक और धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि धमकी देने वाला व्यक्ति जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई है। धमकी भरे इस संदेश में खान से काले हिरण के कथित शिकार की घटना के लिए माफी मांगने को भी कहा गया है। सोमवार (4 नवंबर) देर रात वर्ली इलाके में स्थित मुंबई ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को यह धमकी भरा संदेश मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में एक शख्स को कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अधिकारी ने कहा कि संदेश भेजने वाले ने दावा किया कि वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है। धमकी वाले मैसेज में में लिखा है, "सलमान खान अगर जिंदा रहना चाहते हैं तो वे हमारे (बिश्नोई समाज) मंदिर में आकर माफी मांगें या पांच करोड़ रुपये दें। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो हम उन्हें मार देंगे, हमारा गिरोह अब भी सक्रिय है।" अधिकारी ने बताया कि संदेश को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा अधिकारी ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों और वर्ली पुलिस को दी।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस धमकी भरे संदेश के स्रोत की जांच कर रही है और सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह संदेश लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा है, जो हत्या के प्रयास और जबरन वसूली सहित विभिन्न आरोपों में गुजरात की साबरमती जेल में बंद है।


पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

सलमान खान को इससे पहले भी धमकी भरा संदेश मिला था और उनसे पैसे की मांग की गई थी। इससे पहले ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर पर 29 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने धमकी भरा संदेश भेजा था, जिसमें दो करोड़ रुपये का भुगतान नहीं करने पर अभिनेता और महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। जीशान सिद्दीकी के पिता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को बांद्रा इलाके में तीन बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

एक अधिकारी ने पहले बताया था कि पुलिस ने 30 अक्टूबर को बांद्रा (पश्चिम) के एक निवासी को गिरफ्तार किया था, जहां खान भी रहते हैं। इस सिलसिले में पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया था। पिछले महीने की शुरुआत में मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सऐप हेल्पलाइन डेस्क को एक धमकी भरा संदेश मिला था जिसमें अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी। इसके बाद पुलिस ने धमकी भरे संदेश के सिलसिले में झारखंड के जमशेदपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

मामले में एक गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने पिछले महीने उत्तर प्रदेश के नोएडा से भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उसने सलमान खान और जीशान सिद्दीकी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी थी। सलमान खान को पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकियां मिली थीं। इस साल अप्रैल में खतरनाक विश्नोई गैंग के संदिग्ध सदस्यों ने अभिनेता के बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की थी। कुछ महीने पहले नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गैंग द्वारा रची गई खान की हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया था, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

ये भी पढ़ें- Meesho पर गैंगस्टर का महिमामंडन करने का आरोप, धड़ल्ले बिक रहे हैं लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर वाले टी-शर्ट

लॉरेंस बिश्नोई और उसके गुर्गे पिछले कुछ समय से सलमान खान को निशाना बना रहे हैं। गैंगस्टर कथित काले हिरण शिकार मामले को लेकर बॉलीवुड स्टार से नाराज है। अभिनेता पर 1998 में राजस्थान के एक गांव में काले हिरणों का शिकार करने का आरोप लगाया गया था। सलमान सैफ अली खान, तब्बू और सोनाली बेंद्रे के साथ हम साथ-साथ हैं की शूटिंग कर रहे थे। आरोपों के कारण सलमान एक बड़े कानूनी विवाद में उलझ गए। यह मामला 26 साल तक चला और सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।