Meesho पर गैंगस्टर का महिमामंडन करने का आरोप, धड़ल्ले बिक रहे हैं लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर वाले टी-शर्ट

Lawrence Bishnoi T-shirt: सोशल मीडिया पर दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियों को कथित तौर पर गैंगस्टर का महिमामंडन करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। यूजर्स इसलिए भी ज्यादा नाराज हैं क्योंकि लॉरेंस बिश्नोई छाप वाले ये टी-शर्ट बच्चों और युवाओं को ध्यान में रखकर उन्हीं के साइज में तैयार किए गए हैं

अपडेटेड Nov 05, 2024 पर 1:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Lawrence Bishnoi T-shirt: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसका गैंग कई हाई-प्रोफाइल अपराधों में शामिल रहा है

Lawrence Bishnoi T-shirt: बेंगलुरु स्थित दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियां फ्लिपकार्ट (Flipkart) और मीशो (Meesho) गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीरों वाली टी-शर्ट बेचने के लिए सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना कर रही हैं। गैंगस्टर थीम वाले सामान की बिक्री अपने आप में चिंताजनक है। लेकिन चिंता इस बात से और बढ़ जाती है कि ये सामान बच्चों के लिए भी उपलब्ध हैं। इस मुद्दे को सामने लाने वाले पत्रकार अलीशान जाफरी ने इसे "भारत के ऑनलाइन कट्टरपंथ" का एक चिंताजनक उदाहरण बताया। ये टी-शर्ट 168 रुपये से भी कम कीमत पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

जाफरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें लॉरेंस बिश्नोई टी-शर्ट को मीशो पर बेचा जा रहा है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सफेद कल की टी-शर्ट पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर छपी हुई है, जिसमें कुछ पर इंग्लिश में 'गैंगस्टर' शब्द भी लिखा है। इन टी-शर्ट की कीमत कम से कम 168 रुपये रखी गई है। वहीं, बच्चों के लिए जो टी-शर्ट पर उसकी कीमत 211 रुपये है।

सोशल मीडिया पर मीशो को कथित तौर पर गैंगस्टर का महिमामंडन करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। यूजर्स इसलिए भी ज्यादा नाराज हैं क्योंकि लॉरेंस बिश्नोई छाप वाले ये टी-शर्ट बच्चों और युवाओं को ध्यान में रखकर उन्हीं के साइज में तैयार किए गए हैं।


जब न्यूज 18 ने Flipkart और Amazon जैसे मशहूर ई-कॉमर्स प्लैटफॉर्म पर गैंगस्टर थीम वाले मर्चेंडाइज की खोज की, तो पाया कि फ्लिपकार्ट ने इसे लिस्ट किया है। फ्लिपकार्ट पर ऐसी टी-शर्ट 64 प्रतिशत छूट के बाद 249 रुपये में बेची जा रही हैं। दोनों डिजाइन में एक जैसी तस्वीर है जिसमें गैंगस्टर नारंगी रंग की टी-शर्ट और काली हुडी पहने हुए हैं। एक डिज़ाइन पर "द गैंगस्टर" और दूसरे पर "रियल हीरो" लिखा हुआ है।

एक यूजर्स ने लिखा, "भारतीय कानून व्यवस्था के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई एक अपराधी है। लॉरेंस बिश्नोई के नाम तमाम मुकदमें हैं और उसके नाम से कई लोगों की हत्या की गई है। Meesho जो कि अपने देश में एक बड़ी E-commerce वेबसाइट है, वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के ब्रांड के T-shirt बेच रहीं हैं। यह साइट खुलेआम एक गैंगस्टर का महिमा मंडन कर रही है। और भला कितने अच्छे दिन चाहिए आपको?"

आलोचनाओं के बाद कंपनी की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के बाद कंपनी ने मामले में कार्रवाई करते हुए इन टी-शर्ट को अपने प्लेटफॉर्म से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मीशो के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा, "हमने उत्पादों (लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर वाले टी-शर्ट) को निष्क्रिय (हटाने) करने के लिए तत्काल कार्रवाई की है। मीशो अपने सभी यूजर्स के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद शॉपिंग प्लेटफॉर्म प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।"

ये भी पढ़ें- Delhi AQI: दिल्ली में वायु प्रदूषण का कहर! IGI एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 1,800 मीटर से भी कम, कई इलाकों में हालत 'गंभीर'

लॉरेंस बिश्नोई एक खूंखार गैंगस्टर है, जिसके बारे में अदालत ने कहा कि वह अकेले पंजाब में 71 आपराधिक मामलों में शामिल है। उसमें आतंकवाद विरोधी कानून यूएपीए के तहत चार मामले शामिल हैं। वह लोकप्रिय पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी संदिग्ध है। बिश्नोई 2015 से जेल में है। उसके गैंग ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही अभिनेता सलमान खान और आध्यात्मिक वक्ता अभिनव अरोड़ा को भी जान से मारने की धमकी दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।