समीर वानखेड़े के गले की फांस बनी विदेश यात्राएं और लग्जरी घड़ियां, आर्यन खान केस में 25 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप

CBI ने अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को कथित तौर पर ड्रग्स मामले में नहीं फंसाने के लिए उनके परिवार से 25 करोड़ रुपये रिश्वत के तौर पर मांगने को लेकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने वानखेड़े की विदेश यात्राओं पर उनके कथित अनुचित जवाबों तथा खर्चों पर स्पष्ट तौर पर गलत जनकारी को लेकर संदेह जताया है

अपडेटेड May 19, 2023 पर 12:54 PM
समीर वानखेड़े की विदेश यात्राएं और उनकी लग्जरी घड़ियां CBI की जांच के दायरे में हैं

स्पेशल इंक्वायरी टीम (SET) की रिपोर्ट की माने तो नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) भारी संकट में है। उन पर आरोप है कि उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के परिवार से 25 करोड़ रुपये वसूलने की कोशिश की, ताकि उनके बेटे आर्यन खान (Shah Rukh Khan son Aryan Khan) को कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग्स केस में छोड़ दिया जा सके। CNN-News18 के मुताबिक, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भी वानखेड़े और NCB मुंबई जोन के उनके दो पूर्व जूनियर्स के खिलाफ FIR दर्ज की है। रिपोर्ट के मुताबिक, वानखेड़े और उनके जूनियर्स ने ड्रग भंडाफोड़ मामले को हैंडल करते समय नियमों का पालन नहीं किया। यह भी पता चला है कि आर्यन खान और उनके दोस्त अरबाज मर्चेंट के नाम अंतिम समय में जोड़े गए थे, जबकि कुछ अन्य संदिग्धों के नाम हटा दिए गए थे।

FIR के अनुसार, स्वतंत्र गवाह के. पी. गोसावी और प्रभाकर सैल (दिवंगत) को वानखेड़े के कहने पर 2 अक्टूबर, 2021 को कोर्डेलिया क्रूज पर NCB के छापे में शामिल किया गया था। प्रभाकर सैल की मौत हो चुकी है। गोसावी और उसके साथी सानविले डिसूजा तथा अन्य ने शाहरुख खान के बेटे आर्यन के परिवार से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये वसूलने के लिए साजिश रची और उन्हें (आर्यन को) ड्रग्स रखने के जुर्म में फंसाने की धमकी भी दी। आरोप है कि आर्यन का नाम मामले में शामिल नहीं करने के एवज में गोसावी और डिसूजा 25 करोड़ की जगह 18 करोड़ रुपये की रकम लेने पर मान गए।

साथ ही उन्होंने 50 लाख रुपये अग्रिम राशि के तौर पर ले भी लिए, बाद में इसका कुछ हिस्सा लौटा दिया था। आपको बता दें कि एनसीबी द्वारा 3 अक्टूबर, 2021 को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किए गए आर्यन खान को 25 दिन जेल में बिताने के बाद 28 अक्टूबर, 2021 को बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी। NCB ने 27 मई, 2022 को आर्यन खान को ‘क्लीन चिट’ देते हुए 14 आरोपियों के खिलाफ 6,000 पेज का आर्जशीट दाखिल किया था।


विदेश यात्राएं और लग्जरी घड़ियां को लेकर मुश्किल में फंसे

रिपोर्ट के मुताबिक, वानखेड़े के विदेश दौरों के साथ-साथ उनकी लग्जरी घड़ियों पर सवाल उठ रहे हैं। समीर वानखेड़े की विदेश यात्राएं और उनकी लग्जरी घड़ियां CBI की जांच के दायरे में हैं। SET ने वानखेड़े की विदेश यात्राओं पर उनके कथित अनुचित जवाबों तथा खर्चों पर स्पष्ट तौर पर गलत जनकारी को लेकर संदेह जताया है। SET ने कहा कि उन्होंने अपनी विदेश यात्रा के स्रोत के बारे में भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। ऐसा पाया गया कि वानखेड़े विभाग (वर्तमान तथा मूल) को सूचित किए बिना विरल राजन नामक व्यक्ति के साथ मंहगी घंडियों की बिक्री और खरीद में लिप्त थे। SET की जांच में सामने आई बातों को FIR में शामिल किया गया है।

2017 से 2021 तक लगभग पांच साल के दौरान वानखेड़े ने ब्रिटेन, आयरलैंड, पुर्तगाल, दक्षिण अफ्रीका और मालदीव जैसे देशों में परिवार के साथ छह निजी विदेश यात्राएं कीं। इस दौरान उन्होंने केवल 8.75 लाख रुपये की घोषित राशि के साथ 55 दिनों तक ये यात्राएं की। इसके अलावा, रिपोर्ट में कहा गया है कि वानखेड़े और उनके दोस्त विरल जमालुद्दीन जुलाई 2021 में अपने परिवार और नौकरानी के साथ क्रेडिट/नकद भुगतान (वानखेड़े के परिवार के लिए लगभग 7.5 लाख रुपये) पर ताज एक्सोटिका मालदीव बीच सूट में रुके थे। जब जब जांच एजेंसी ने पूछताछ शुरू की तो उन्होंने जमालुद्दीन के क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 18.12.2021 को होटल को राशि का भुगतान किया।

SET ने वानखेड़े द्वारा जमालुद्दीन से क्रेडिट पर केवल 17,40,000 रुपये में 22,05,000 रुपये की शानदार रोलेक्स गोल्ड घड़ी खरीदने पर भी सवाल उठाया है। जांच में कहा गया है कि वानखेड़े अपने विदेशी दौरों और महंगी घड़ियों पर हुए खर्च के बारे में नहीं बता सके। जांच दल ने वानखेड़े की मुंबई और वाशिम संपत्तियों पर भी कई सवाल उठाए हैं। NCB के पूर्व जोनल डायरेक्टर और उनकी पत्नी के आयकर रिटर्न दस्तावेजों का भी विश्लेषण किया है।

ये भी पढ़ें- IPL 2023: विराट कोहली ने ऐतिहासिक शतक जड़ने के बाद पत्नी अनुष्का को किया वीडियो कॉल

इस रिपोर्ट के आधार पर CBI ने वानखेड़े के खिलाफ FIR दर्ज की थी और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हालांकि, उन्होंने इसके खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। कोर्ट से उन्हें फिलहाल एजेंसी द्वारा किसी भी कठोर कार्रवाई से अंतरिम राहत मिली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि वानखेड़े इस मामले को कैसे हैंडल करते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।