Shark Tank 2 Promo: शार्क टैंक इंडिया (Shark Tank India) का सीजन-2 जल्द ही आने वाला है। इसके दूसरे सीजन का पहला प्रोमो रिलीज हो गया है। यह शो उन लोगों पर फोकस करता है। जिनके पास बिजनेस आइडिया है। सोनी एंटरटेनमेंट टीवी पर आने वाले इस शो का पहला सीजन को काफी पसंद किया गया था। हालांकि सीजन-2 में अशनीर ग्रोवर और गजल अलघ नहीं शामिल हो रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर टीवी तक हर जगह शार्क टैंक इंडिया ने अपनी जगह बना ली। स्टार्टअप को मौका देने वाला टीवी रिएलिटी शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ का पहला सीजन दिसंबर 2021 में टीवी पर टेलिकास्ट हुआ था।
प्रोमो में बिजनेस की वैल्यूएशन
सोनी टीवी ने सोशल मीडिया के जरिए ‘शार्क टैंक इंडिया 2’ का प्रोमो शेयर किया है। इस प्रोमों में एक महिला ठेले पर सब्जी खरीदती नजर आ रही हैं। सब्जी वाले से वो भिंडी की कीमत पूछती है। इस पर सब्जी वाला उनसे कहता है 70 रुपये किलो मैडम। फिर वो महिला कहती हैं कि इतने में तो पूरा ठेला आ जाएगा। उसके बाद सब्जी वाला उन्हें ‘शार्क टैंक इंडिया’ के अंदाज में अपने बिजसनेस की वैल्यूशन समझाता है, जो कि 70 लाख रुपये निकलती है। फिर वो महिला से कहता है कि इस हिसाब से 70 रुपये में आपको पूरा ठेला क्या उसकी 1 फीसदी इक्विटी भी नहीं मिलेगी। जारी हुए प्रोमो में आगे ये सब्जी वाला शार्क्स के बीच नजर आता है और शो की टैगलाइन सुनाई देती है - अब पूरा इंडिया समझेगा बिजनेस की सही वैल्यू।
प्रोमों से गायब अश्नीर ग्रोवर
शार्क टैंक इंडिया 2 के प्रोमों में जजों के पैनल को देखकर लोग भड़क गए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स को इस बात से निराशा हाथ लगी है कि आखिर अश्नीर ग्रोवर प्रोमों से गायब क्यों हैं? शार्क टैंक इंडिया के पहले सीजन में अश्नीर ग्रोवर को लोगों ने काफी पसंद किया था। अब दूसरे सीजन में अशनीर ग्रोवर को शो से बाहर देखकर फैंस परेशान हैं। प्रोमों पर कमेंट करते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, ‘क्या अशनीर ग्रोवर को रिप्लेस किया जा रहा है?’
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले सीजन से बहुत ही ज्यादा चर्चाओं में आए ‘भारत पे’ के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर और ‘को-फाउंडर’ अश्नीर ग्रोवर दूसरे सीजन में नजर नहीं आने वाले हैं। इसके साथ ही ‘मामाअर्थ’ की को-फाउंडर गजल अलघ (Ghazal Alagh) भी दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं हैं। इन दोनों की ही ‘शार्क टैंक इंडिया 2’ से छुट्टी हो गई है।
पहले सीजन की तरह ‘शादी डॉट कॉम’ के फाउंडर अनुपम मित्तल (Anupam Mittal) , ‘बोट’ के को-फाउंडर अमन गुप्ता (Aman Gupta), ‘लेंस्कार्ट’ के फाउंडर पीयूष बंसल (Peyush Bansal), ‘सुगर कॉस्मेटिक’ की को-फाउंडर विनीता सिंह (Vineeta Singh) और ‘एमक्योर फार्मास्युटिकल्स’ की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नमिता थापर (Namita Thapar) दूसरे सीजन में भी नजर आने वाले हैं। वहीं इन पांचों के साथ एक और नए शार्क की एंट्री हुई है। ‘कार देखो ग्रुप’ के को-फाउंडर और CEO अमित जैन (Amit Jain) दिखेंगे।