साउथ एक्टर सिद्धार्थ (Siddharth) ने एयरपोर्ट स्टाफ और सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया (Siddharth Instagram post) पर एक पोस्ट शेयर कर कहा है कि एयरपोर्ट पर उनके माता-पिता को बिना किसी वजह 20 मिनट तक परेशान किया गया। सिद्धार्थ ने आरोप लगाया कि मदुरै एयरपोर्ट (Madurai Airport) पर उन्हें और उनके माता-पिता को CISF अधिकारियों ने 20 मिनट तक परेशान किया।
एक्टर ने कहा कि उन्होंने अपने बुजुर्ग माता-पिता को बैग से सिक्के निकालने को कहा तो अधिकारी अंग्रेजी में बात करने की गुजारिश करने के बाद भी उनसे हिंदी में बात करते रहे। जब सिद्धार्थ और उनके माता-पिता ने इस पर आपत्ति जताई तो अधिकारियों ने कहा कि भारत में ऐसा ही होगा। हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में गलती से CISF की जगह CRPF को टैग किया है।
सिद्धार्थ ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, "लगातार 20 मिनट तक मदुरै एयरपोर्ट पर CRPF द्वारा परेशान किया गया। वह लगातार मेरे बुजुर्ग माता-पिता को ये कहते हुए परेशान कर रहे थे कि अपने बैग में से सिक्के निकालो। वह बार-बार हिंदी में बात कर रहे थे, जबकि उनसे ये कहा था कि उनसे इंग्लिश में बात करें। ये बहुत ही रूढ़ था। जब हमने इसके खिलाफ अपनी आवाज उठाई तो उन्होंने हमें कहा ये इंडिया है और यहां ऐसा ही होता है। जॉबलेस लोग अपनी पावर दिखा रहे है।"
सिद्धार्थ के अगले पोस्ट से ऐसा लगता है कि एक्टर छुट्टी मनाने के लिए अपने माता-पिता के साथ कोडाइकनाल (Kodaikanal) गए हैं। काम की बात करें तो सिद्धार्थ कमल हासन की 'इंडियन 2' में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जिसे शंकर द्वारा निर्देशित किया जा रहा है। निर्माताओं द्वारा अभी तक उनकी भूमिका के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, माना जा रहा है कि इस फिल्म में एक्टर की एक आकर्षक भूमिका होने वाली है।
सिद्धार्थ दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के प्रमुख अभिनेताओं में से एक हैं। वह तमिल और तेलुगु फिल्मों में अपनी कई भूमिकाओं के लिए लोकप्रिय हैं। सिद्धार्थ एक मुखर वक्ता भी हैं। वह सोशल प्लेटफॉर्म पर एक्टिव रहते हैं। ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्टिव सिद्धार्थ सभी मुद्दों पर अपनी राय बेबाकी से रखते हैं। सिद्धार्थ को आखिरी बार डिज्नी प्लस हॉटस्टार की वेब सीरीज 'स्काइप' में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ जावेद जाफरी भी नजर आए थे।