मुंबई में सोमवार 20 फरवरी की रात एक कार्यक्रम के दौरान मशहूर सिंगर सोनू निगम (Sonu Nigam) के साथ सेल्फी लेने को लेकर हुई कथित धक्का-मुक्की में बॉलीवुड गायक का एक सहयोगी घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना रात करीब 11 बजे हुई जब निगम एक संगीत समारोह में भाग लेने के लिए उपनगरीय चेंबूर में थे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलते समय, फैंस के एक ग्रुप ने गायक के साथ सेल्फी लेने की कोशिश की तो निगम के दो सहयोगियों ने हस्तक्षेप किया।
पीटीआई के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि फैंस ने निगम के दोनों सहयोगियों के साथ मारपीट की, जिससे उनमें से एक को मामूली चोट आई। इस घटना का एक वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मामले को लेकर सोनू निगम ने चेंबूर थाने पहुंचकर शिकायत भी दर्ज कराई है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और धक्का-मुक्की करने वालों की पहचान कराई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोप उद्धव गुट के विधायक प्रकाश फटरपेकर (Prakash Phaterpekar) के बेटे स्वप्निल फटरपेकर पर लगा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, सोनू निगम ने हाथापाई के बाद मुंबई के चेंबूर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, "कॉन्सर्ट के बाद मैं स्टेज से नीचे आ रहा था कि एक व्यक्ति स्वप्निल प्रकाश ने मुझे पकड़ लिया। फिर उसने हरि और रब्बानी को धक्का दिया जो मुझे बचाने आए थे। मैं सीढ़ियों पर गिर पड़ा। मैंने शिकायत दर्ज कराई ताकि लोग जबरदस्ती सेल्फी लेने और हाथापाई करने के बारे में न सोचें।"
उन्होंने आगे कहा कि, 'मैंने शिकायत इसलिए दर्ज करवाई ताकि लोग समझें और सोच सकें कि जबरदस्ती सेल्फी या तस्वीर क्लिक करने के क्या परिणाम हो सकते हैं। जब वो जबरदस्ती ऐसा कुछ करने की कोशिश करते हैं तो हंगामा होता है, धक्का मुक्की होती है। लोगों का अहंकार बाहर निकलता है।'
सोनू निगम पर हमले का वीडियो एक यूजर ने ट्विटर पर शेयर किया। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि जब सोनू निगम स्टेज से नीचे उतर रहे हैं तो कुछ लोग उन्हें धक्का दे रहे हैं। इनमें से एक स्टेज से नीचे गिर गया। यह वीडियो तुरंत ही वायरल हो गया।
विधायक के बेटे पर केस दर्ज
आरोप है कि तभी स्थानीय विधायक सोनू निगम की टीम मैनेजर सायरा के साथ बदतमीजी करने लगा। विधायक का बेटा सेल्फी लेने के लिए स्टेज पर चढ़ गया और सोनू की मैनेजर को वहां से हटने के लिए कहने लगा। जब सोनू निगम स्टेज से नीचे उतरने लगे तो पहले तो उसने उनके बॉडीगार्ड रब्बानी को धक्का दिया और फिर सिंगर को। इस चक्कर में रब्बानी को कई चोटें आईं। पुलिस ने सोनू निगम की शिकायत के आधार पर उद्धव ठाकरे गुट के विधायक प्रकाश फटेरपेकर के बेटे फटरपेकर के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है।
पुलिस ने बताया कि सिंगर सोनू निगम की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 323, 341 और धारा 337 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
एक अधिकारी ने ANI से कहा, "लाइव कॉन्सर्ट के बाद सोनू निगम मंच से नीचे आ रहे थे, तभी एक शख्स ने उन्हें पकड़ लिया। आपत्ति के बाद उन्होंने सोनू निगम और उनके साथ 2 अन्य लोगों को सीढ़ियों से धक्का दे दिया, उन दो लोगों में से एक को चोटें आईं। आरोपी का नाम स्वप्निल फटरपेकर है।"