Jiah Khan Suicide Case: बॉलीवुड की दिवंगत एक्ट्रेस जिया खान (Jiah Khan) के आत्महत्या मामले में करीब 10 साल बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एक विशेष अदालत ने अपना अंतिम फैसला सुना दिया है। जिया खान सुसाइड केस में सूरज पंचोली को कोर्ट ने बरी कर दिया है। जिया खान 3 जून 2013 को अपने घर में मृत मिली थी। बॉलीवुड एक्टर सूरज पंचोली (Sooraj Pancholi) पर जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। वह एक्टर आदित्य पंचोली और एक्ट्रेस जरीना वहाब के बेटे हैं। खान की ओर से कथित रूप से लिखे गए छह पन्नों के पत्र के आधार पर सूरज को आरोपी बनाया गया था। खान अपने जुहू स्थित घर में फंदे से लटकी मिली थी।
CBI के विशेष जज एएस सैय्यद ने 20 अप्रैल को दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के बाद मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस मामले में जिया के कथित बॉयफ्रेंड और फिल्म एक्टर सूरज पंचोली पर एक्ट्रेस को उकसाने का आरोप लगाया गया था। जिया खान की मां ने पंचोली पर आरोप लगाए थे कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। सूरज पंचोली को एक्ट्रेस को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
25 वर्षीय जिया खान (Jiah Khan) एक अमेरिकी नागरिक हैं, जो 3 जून, 2013 को जुहू स्थित अपने घर में मृत पाई गई थी। बाद में पुलिस ने छह पन्नों के एक लेटर के आधार पर एक्टर सूरज पंचोली को गिरफ्तार किया था। लेटर के अनुसार, पंचोली के खिलाफ कथित तौर पर एक्ट्रेस को ‘आत्महत्या के लिए उकसाने’ का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, इस मामले को 2021 में एक विशेष सीबीआई अदालत को सौंप दिया गया था।
जिया की मां ने लगाया था हत्या का आरोप
अभियोजन पक्ष की प्रमुख गवाह जिया की मां राबिया खान (Rabia Khan) ने अदालत को बताया था कि उनका मानना है कि यह हत्या का मामला है न कि आत्महत्या का। बॉम्बे हाई कोर्ट ने पिछले साल मामले की नए सिरे से जांच की मांग वाली उनकी याचिका खारिज कर दी थी।
अपनी गवाही के दौरान राबिया ने सीबीआई अदालत को बताया था कि सूरज जिया के साथ दुर्व्यवहार करता था। उन्होंने कहा था कि न तो पुलिस और न ही सीबीआई ‘कानूनी सबूत’ इकट्ठा कर यह साबित कर पाई कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की थी। इस मामले में सूरज पंचोली जमानत पर बाहर हैं।
सूरज पंचोली की मां जरीना वहाब (Zarina Wahab) को न्याय की उम्मीद थी। हाल ही में एक इंटरव्यू में जरीना ने कहा था कि उन्होंने 'फैसले के लिए 10 साल तक इंतजार किया। उन्होंने कहा कि इस मामले ने उनके बेटे के जीवन को 'नरक' बना दिया है। उन्होंने E-Times को बताया, "हमें विश्वास है कि सर्वशक्तिमान हमारे बेटे के साथ न्याय करेगा।" जरीना ने यह भी कहा था कि जब वह अपने बेटे को दर्द में देखती है तो वह एक मां के रूप में असहाय महसूस करती है। उम्मीद है कि 28 अप्रैल को न्याय मिलेगा।