कुछ उन्हें गुत्थी (Gutthi) के रूप में याद करते हैं, तो कुछ उनके डॉ मशहूर गुलाटी (Dr Mashoor Gulati) के तौर पर प्यार करते हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं मशहूर कॉमेडियन सुनील ग्रोवर (Sunil Grover) की। कॉमेडियन और एक्टर सुनील ग्रोवर का नाम इंडस्ट्री में कोई नया नहीं हैं। उन्होंने कॉमेडी नाइट्स विद कपिल (Comedy Nights with Kapil) और द कपिल शर्मा शो (The Kapil Sharma Show) जैसे टीवी शो में अपने असाधारण अभिनय के बाद देशभर में फेमस हो गए। हालांकि, सुनील ग्रोवर अब कॉमेडी शोज का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उनके किरदार को आज भी फैंस याद कर करते हैं। सुनील फिलहाल एटली के निर्देशन में बन रही फिल्म 'जवान (Jawan)' में सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ नजर आने वाले हैं। इस बीच, सुनील ने एक न्यूज पोर्टल को दिए इंटरव्यू में टेलीविजन पर वापसी की योजना के बारे में खुलासा किया है।
टेलीविजन को अपनी सफलता का श्रेय देते हुए सुनील ग्रोवर ने Pinkvilla को बताया, "टेलीविजन एक बहुत बड़ा माध्यम है। मैं टेलीविजन की वजह से ही सब कुछ हूं। मैं वास्तव में टेलीविजन पर कुछ नया करने को तैयार हूं। अगर कुछ दिलचस्प ऑफर की जाती है तो मैं निश्चित रूप से इसे करूंगा।"
45 वर्षीय एक्टर बैक-टू-बैक प्रोजेक्ट्स कर रहे हैं। वह फिल्मों और रियलिटी शोज के अलावा OTT प्लेटफार्म पर भी काफी समय से एक्टिव हैं। उनकी नई वेब सीरीज ‘यूनाइटेड कच्चे (United Kacche)’ जी5 पर रिलीज हो चुकी है। मानव शाह द्वारा निर्देशित 8-एपिसोड की यह वेब सीरीज यूनाइटेड किंगडम में शूट की गई है। कहानी लंदन में अप्रवासियों के चुनौतीपूर्ण जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है।
सुनील ग्रोवर के अलावा, हल्के-फुल्के ड्रामा में सतीश शाह, सपना पब्बी, निखिल विजय, मनु ऋषि चड्ढा, नयनी दीक्षित और नीलू कोहली महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। 'यूनाइटेड कच्चे' से पहले वह ZEE5 की सीरीज 'सनफ्लॉवर' में भी एक खास किरदार में नजर आए थे। प्राइम वीडियो की सीरीज 'तांडव' में भी वह काम कर चुके हैं।
इससे पहले मीडिया से बात करते हुए सुनील ग्रोवर ने कहा था कि वह ZEE5 के साथ फिर से 'यूनाइटेड कच्चे' के लिए इस उम्मीद के साथ काम करके खुश हैं कि उनके फैंस उनकी नई सीरीज के लिए भी बहुत प्यार करेंगे।
सीरीज के बारे में बात करते हुए सुनील ने कहा था कि इसमें आप एक भारतीय व्यक्ति, एक पाकिस्तानी कपल और एक बांग्लादेशी कपल को एक साथ रहते हुए देखेंगे। सिचुएशनल कॉमेडी का प्रीमियर 31 मार्च को ZEE5 ग्लोबल पर शुरू हुआ था।