बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन (Sushmita Sen) ने गुरुवार को खुलासा किया है कि उन्हें हाल ही में दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ा था। एक्ट्रेस ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में ये भी बताया कि उन्हें हार्ट अटैक के बाद एंजियोप्लास्टी (Angioplasty) करानी पड़ी थी। हालांकि, अब वह ठीक हैं। पूर्व मिस यूनिवर्स ने गुरुवार दोपहर सोशल मीडिया पर अपने फैंस को इस दुखद खबर के बारे में जानकारी दी। एक्ट्रेस ने अपने पिता शुबीर सेन (Shubeer Sen) के साथ अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है।
तस्वीर के साथ ही सुष्मिता ने बताया कि पिछले दिनों वो कितने बुरे दौर से गुजरी हैं। उनकी तबीयत कितनी बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उनकी एंजियोप्लास्टी हुई। फिलहाल सुष्मिता ने बताया है कि उनकी हालत ठीक है।
सुष्मिता ने अपने पोस्ट में लिखा, "अपने दिल को मजबूत और खुशनुमा बनाए रखो। ये आपके साथ हमेशा बुरे दौर में खड़ा रहेगा। जब तुम्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होगी। ये महान लाइन मेरे पापा ने कही थी। मुझे दो दिन पहले हार्ट अटैक आया था। मेरी एंजियोप्लास्टी हुई। दिल अब सही सलामत है और सबसे जरूरी बात, मेरे कार्डियोलॉजिस्ट ने कंफर्म किया है कि मेरा दिल सही मायने में बहुत बड़ा है। समय पर मदद के लिए लोगों का धन्यवाद…। अच्छी खबर यह है कि सब ठीक है और मैं फिर से कुछ जीवन जीने के लिए तैयार हूं। मैं आप लोगों से बेहद प्यार करती हूं।"
बता दें कि एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुष्मिता सेन को 2022 में गूगल पर सबसे अधिक बार सर्च किया गया। जिस तरह इस पूरे साल में दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट चर्चाओं में बनी रही थी, उससे यही लगता था कि इन दो अभिनेत्रियों के नाम तो इस लिस्ट में जरूर शामिल होंगे।
लेकिन इन दोनों ही चर्चित एक्ट्रेस को पछाड़ते हुए इस लिस्ट में बॉलीवुड डीवा सुष्मिता सेन ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। आपको भले ही यह बात चौंकाने वाली लग रही हो, लेकिन सर्च इंजन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बॉलीवुड से सुष्मिता का नाम ही 2022 में सर्च की जाने वाली एक्ट्रेस के तौर पर सामने आया है।
दरअसल, पिछले साल जब खबर आई थीं कि सुष्मिता सेन भारत के भगोड़े ललित मोदी संग रिलेशनशिप में हैं, तो उस दौरान उन्हें काफी सर्च किया गया था। दोनों की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। हालांकि, बाद में खुद सुष्मिता और ललित मोदी ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया था।