The Kerala Story Row: NCP नेता का विवादिन बयान, कहा- 'द केरला स्टोरी' के निर्माता को सरेआम देनी चाहिए फांसी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही 5 मई को इस फिल्म को आतंकी साजिशों को सामने लाने का श्रेय दिया था। उन्होंने कर्नाटक में एक चुनावी रैली में फिल्म का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सरकारों अपने राज्य में ‘द केरल स्टोरी’ को टैक्स फ्री कर दिया है

अपडेटेड May 09, 2023 पर 4:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
The Kerala Story Row: एनसीपी नेता ने कहा कि फिल्म पूरी तरह काल्पनिक है और निर्माता को सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए

The Kerala Story Row: शरद पवार की नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने विवादित बयान देते हुए कहा है कि फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के निर्माता को सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए। आव्हाड ने कहा, ‘उन्होंने (निर्माता ने) न केवल केरल की छवि खराब की है बल्कि राज्य की महिलाओं का भी अपमान किया है। बता दें कि इस फिल्म को लेकर खासा विवाद भी हो रहा है। कुछ लोगों द्वारा इसे नफरत फैलाने का जरिया बताया जा रहा है। हालांकि, कई बीजेपी शासित राज्यों में इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया है।

आव्हाड ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा, ‘उन्होंने (निर्माता ने) कहा कि केरल से 32,000 महिलाएं लापता हुईं और आतंकवादी समूह ISIS में शामिल हो गईं। लेकिन असल में यह आंकड़ा केवल तीन है।’ एनसीपी नेता ने कहा कि फिल्म पूरी तरह काल्पनिक है और निर्माता को सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए।

फिल्म को लेकर देशभर में जारी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ‘द केरल स्टोरी’ को राज्य में टैक्स फ्री करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 12 मई को अपने मंत्रिमंडल के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देख सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में कहा, ‘द केरला स्टोरी उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री की जाएगी।’


इससे पहले, निदेशक सूचना, शिशिर ने कहा, ‘केरला स्टोरी को उत्तर प्रदेश में कर मुक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 12 मई को लखनऊ में अपने मंत्रिमंडल के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखेंगे।’ हालांकि, पश्चिम बंगाल सरकार ने "घृणा और हिंसा की किसी भी घटना" से बचने के लिए फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही 5 मई को इस फिल्म को आतंकी साजिशों को सामने लाने का श्रेय दिया था। उन्होंने कर्नाटक में एक चुनावी रैली में फिल्म का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी गत शनिवार को अपने राज्य में ‘द केरल स्टोरी’ को टैक्स फ्री करने की घोषणा की थी।

उत्तर प्रदेश बीजेपी के सचिव अभिजात मिश्रा ने शनिवार को शहर में करीब 100 छात्राओं के लिए इस विवादित फिल्म की स्क्रीनिंग का आयोजन किया था। उन्होंने एक थिएटर बुक किया और कहा कि युवा लड़कियों को कथित ‘लव जिहाद’ से बचाने के लिए फिल्म दिखाई जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें- The Kerala Story: बंगाल में बैन के बाद यूपी में टैक्स फ्री हुई 'द केरल स्टोरी', फिल्म क्रू को मिले धमकी भरे कॉल

मिश्रा ने कहा कि फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है और दिखाती है कि कैसे भोली-भाली लड़कियों को बरगलाया जाता है और फिर उनका धर्मांतरण किया जाता है। अदा शर्मा अभिनीत फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ की कहानी महिलाओं के एक ऐसे कथित समूह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें धर्म परिवर्तन और आतंकवादी संगठन आईएस में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।