XXX Web Series Row: देश की जानी मानी फिल्म निर्माता एकता कपूर (Ekta Kapoor) पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। जी हां, दरअसल बिहार के बेगूसराय जिला की एक अदालत ने फिल्म निर्माता एवं निर्देशक एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ उनके वेब सीरीज ट्रिपल एक्स (XXX Season- 2) सीजन-2 में सैनिकों का अपमान करने और उनके परिवार के सदस्यों की भावनाओं को आहत करने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जज विकास कुमार की अदालत ने एकता कपूर और उनकी मां के खिलाफ एक पूर्व सैनिक और बेगूसराय निवासी शंभू कुमार की शिकायत के आधार पर गिरफ्तारी वारंट जारी किया। शंभू कुमार ने 2020 में अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वेब सीरीज ‘ट्रिपल एक्स’ सीजन-2 में एक सैनिक की पत्नी से जुड़े कई आपत्तिजनक दृश्य दिखाए गए हैं।
इस सीरीज को एकता कपूर की कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड (Balaji Telefilms Ltd.) के स्वामित्व वाले एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ऑल्ट बालाजी (ALTBalaji) पर प्रसारित किया गया। शंभू कुमार के वकील हृषिकेश पाठक ने बताया कि अदालत ने एकता एवं उनकी मां को समन जारी किया था। उनसे मामले के संबंध में अदालत के सामने पेश होने को कहा था।
उन्होंने बताया कि एकता कपूर ने अदालत को सूचित किया कि आपत्ति जताए जाने के बाद सीरीज के कुछ दृश्यों को हटा दिया गया था। हालांकि, वे अदालत के सामने पेश नहीं हुई, जिसके बाद उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। एकता कपूर भारतीय टेलीविजन की सबसे बड़ी निर्माताओं में से एक हैं।