YearEnder: शाहरुख खान से लेकर बॉबी देओल तक, 2023 में इन 10 बॉलीवुड सितारों का रहा जलवा

YearEnder 2023: बॉलीवुड के लिए 2023 का साल शानदार रहा। इस साल रिलीज हुई कई फिल्मों ने कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए और तोड़े। कई पुराने अभिनेताओं ने इस दौरान वापसी की। वहीं कई नए अभिनेताओं ने इस साल अपने प्रदर्शन से चौंकाया। यहां हम 10 ऐसे ही अभिनेता और अभिनेत्रियों की बात कर रहे हैं, जिन्होंने साल 2023 में बॉलीवुड इंडस्ट्री पर अपनी छाप छोड़ी

अपडेटेड Dec 30, 2023 पर 7:16 PM
शाहरुख खान ने साबित कर दिया कि उनका जादू अभी भी दर्शकों पर बरकरार है

YearEnder 2023: बॉलीवुड के लिए 2023 का साल शानदार रहा। इस साल रिलीज हुई कई फिल्मों ने कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए और तोड़े। हालांकि इस दौरान कई ऐसी भी फिल्में रही, जो दर्शकों में कोई दिलचस्पी जगाने में विफल रही। कई पुराने अभिनेताओं ने इस दौरान वापसी की। वहीं कई नए अभिनेताओं ने इस साल अपने प्रदर्शन से चौंकाया। यहां हम 10 ऐसे ही अभिनेता और अभिनेत्रियों की बात कर रहे हैं, जिन्होंने साल 2023 में बॉलीवुड इंडस्ट्री पर अपनी छाप छोड़ी।

शाहरुख खान - पठान, जवान और डंकी

अगर कोई इस सूची में शामिल होने का हकदार है, तो वह सुपरस्टार शाहरुख खान है। 3 दशकों से बॉलीवुड पर राज करने वाले शाहरुख खान के लिए पिछले कुछ साल अच्छे नहीं रहे थे। हैरी मेट सेजल (2017) और जीरो (2018) जैसी उनकी पिछली कुछ फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन काफी बुरा रहा था। इस दौरान वह अपने निजी जीवन में भी दिक्कतों से गुजर रहे थे। उनके बेटे आर्यन खान को 2021 में कथित ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया (और बाद में रिहा कर दिया गया)। हालांकि साल 2023 शाहरुख खान के लिए गेमचेंजर साबित हुआ। पहले पठान और फिर जवान के साथ उन्होंने एक बार फिर सफलता का स्वाद चखा। हालांकि राजकुमार हिरानी के डायरेक्शन में आई उनकी तीसरी फिल्म 'डंकी' ने उम्मीदों के मुताबिक अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। हालांकि जो लोग शाहरुख खान को चुका हुआ मानने लग गए थे, उन्हें शाहरुख खान ने साबित कर दिया कि उनका जादू अभी भी चल रहा है।

करीना कपूर खान - जाने जां और बकिंघम मर्डर


करीना कपूर खान को आमतौर पर कभी खुशी कभी गम (2001) में उनके 'पू' और जब वी मेट (2007) में 'गीत' के किरदार के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है। हालांकि अगर कोई उनकी फिल्मोग्राफी को देखें, तो उन्होंने चमेली, देव, ओमकारा, तलाश और उड़ता पंजाब जैसी कई फिल्मों में चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। इसके बावजूद को करीना को अक्सर मुख्यधारा की ग्लैमरस नायिका के रूप में रखा जाता है। सुजॉय घोष के निर्देशन वाली 'जाने जां' में, करीना ने दर्शकों को अपने अभिनय कौशल से प्रभावित किया। यह उनकी पहली ओटीटी फिल्म थी। इसके अलावा हंसल मेहता की फिल्म 'द बकिंघम मर्डर्स' में एक ब्रिटिश-भारतीय जासूस के किरदार को निभाने के लिए उन्हें इस साल 67वें BFI लंदन फिल्म फेस्टिवल में काफी सराहना मिली।

धर्मेंद्र - रॉकी और रानी की प्रेम कहानी

करण जौहर की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में मुख्य भूमिका रणवीर सिंह की थी, लेकिन इस फिल्म की असल जान धर्मेंद्र थे। फिल्म में उन्होंने शबाना आजमी के साथ ऑन-स्क्रीन किस सीन देकर सभी को चौंका दिया। दिग्गज अभिनेता ने अपनी उम्र और स्वास्थ्य के कारण पिछले कुछ सालों में कुछ ही फिल्में की थी। हालांकि 2023 में रानी की प्रेम कहानी में रंधावा परिवार के प्रमुख की भूमिका निभाने के लिए उन्हें बहुत सराहना मिली। धर्मेंद्र को वेब सीरीज ताज: डिवाइडेड बाय ब्लड में शेख सलीम चिश्ती के रूप में भी देखा गया था।

यह भी पढ़ें- आमिर खान के पाली हिल बिल्डिंग को तोड़कर लग्जरी फ्लैट्स बनाएगी यह कंपनी, खबर से 4% उछला शेयर

वामिका गब्बी - जुबली, मॉडर्न लव चेन्नई और खुफिया

वामिका गब्बी कुछ साल पहले तक इंडस्ट्री छोड़ने पर विचार कर रही थी। उन्होंने कुछ पंजाबी, तमिल और तेलुगु फिल्मों में अभिनय किया था, लेकिन वे अपने करियर से संतुष्ट नहीं थी। हालांकि साल 2023 में उन्होंने शानदार तरीके से वापसी की। इस साल की शुरुआत में, गब्बी को वेब सीरीज जुबली में निलोफर के किरदार में देखा गया। मॉडर्न लव चेन्नई में प्यार में पड़ी एक मैच्योर महिला के तौर पर दिखी। वहीं खुफिया में वह एक हाउसवाइफ-से-जासूस बन गई थी। नए साल में, वह वरुण धवन के साथ फिल्म वीडी18 में दिखेंगी, जिसे डायरेक्ट एटली कर रहे हैं।

शर्मिला टैगोर - गुलमोहर

शर्मिला टैगोर करीब 13 साल पहले फिल्म 'ब्रेक बे बाद' में नजर आई थीं और उसके बाद उन्होंने शोबिज से ब्रेक ले लिया था। हालांकि साल 2023 में उन्होंने एक बार फिर सिनेपर्दे पर 'गुलमोहर' के साथ वापसी की। इस फिल्म में उनके साथ मनोज वाजपेयी भी हैं। शर्मिला टैगोर ने अपने करियर में पहली बार एक समलैंगिक कैरेक्टर निभाया। इस भूमिका के लिए उन्हें काफी सराहान और प्रशंसा मिली।

सनी देओल - गदर 2

गदर: एक प्रेम कथा के बीस साल बाद आई 'गदर-2' ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ दिया और भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक बन गई। सनी देओल ने एक बार तारा सिंह के रूप में अपने किरदार में जान फूंक दी। अनिल शर्मा के निर्देशित वाली यह फिल्म, अब तक की आठवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई। इसी के साथ सनी देओल ने अब तक की अपनी सबसे बड़ी हिट दी।

विजय वर्मा: कालकूट, दहाड़, लस्ट स्टोरीज 2 और जाने जान

विजय वर्मा ने पहली बार 2019 में आई फिल्म गली बॉय में अपने किरदार 'मोईन' से दर्शकों और क्रिटिक्स का ध्यान खींचा था। इसके बाद से लगातार एक के बाद शानदार किरदार निभा रहे हैं। साल 2023 में उन्होंने वेब शो 'दहाड़' में महिलाओं की हत्या करने की प्रवृत्ति वाले एक कुख्यात सीरियल किलर और कालकूट सीरीज में एक हत्यारे की तलाश में एक ईमानदार पुलिस वाले दोनों की भूमिका निभाई। इसके अलावा, उनके पास लस्ट स्टोरीज 2 और फिल्म जाने जां भी थी, जहां उन्हें सराहा गया था।

बॉबी देओल - एनिमल

बॉबी देओल ने भले ही 2020 की 'क्लास ऑफ 83' और वेब सीरीज 'आश्रम' (2020) के साथ अपनी वापसी पर लोगों का ध्यान खींचा हो। लेकिन उनकी असल वापसी इस साल की ब्लॉकबस्टर फिल्म एनिमल से हुई, जिसमें उन्होंने एक मूक मनोरोगी की भूमिका निभाई। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आलोचकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। हालांकि विलेन के रूप में बॉबी देओल के संक्षिप्त लेकिन खतरनाक रोल की प्रशंसा पर सभी सहमत थे। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें 'लॉर्ड बॉबी देओल' कहकर बुला रहे थे।

मनोज बाजपेयी - गुलमोहर, सिर्फ एक बंदा काफी है और जोरम

तीन बार के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मनोज बाजपेयी के लिए यह साल कितना शानदार रहा! गुलमोहर में एक दत्तक पुत्र के रूप में अपने संवेदनशील किरदार से लेकर 'सिर्फ एक बंदा काफी है' में न्याय के लिए लड़ने वाले एक वकील के रूप में उनका प्रदर्शन दमदार था। साल का अंत उन्होंने सर्वाइवल ड्रामा जोरम में शानदार भूमिका के साथ किया।

सुष्मिता सेन - ताली और आर्या 3

राम माधवानी के डायरेक्शन वाली वेब सीरीज आर्या 3 में सुष्मिता सेन ने एक निडर माफिया क्वीन का किरदार निभाया है। इश सीरीज के तीनों सीजन में सुष्मिता सेन का किरदार काफी मजबूत हुआ है। हालांकि सुष्मिता सेन को इस साल असल तारीफ मिली वेब सीरीज 'ताली' से, जिसमें उन्होंने एक ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट के रूप में यादगार प्रदर्शन किया। ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट श्रीगौरी सावंत के जीवन पर बनी इस सीरीज में सेन को देखना सुखद रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।