प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मशहूर दिल्ली के मुखर्जी नगर (Mukherjee Nagar in Delhi) में बत्रा सिनेमा के पास स्थित एक बिल्डिंग में गुरुवार को भीषण आग लग गई। इस बिल्डिंग में कई कोचिंग सेंटर मौजूद हैं। बिल्डिंग में आग लगने के बाद वहां अफरातफरी मच गई। छात्रों ने बिल्डिंग की खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में तीन से चार छात्र घायल बताए जा रहे हैं। कोचिंग में आग लगने से हड़कंप मच गया। बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से छात्र खिड़की तोड़कर रस्सी से लटककर नीचे उतरने लगे।
