G20 Summit के दौरान दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद? जानें सभी डिटेल्स

G20 Summit 2023: दिल्ली सरकार ने 8 सितंबर से ही छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया है। जबकि इससे एक दिन पहले 7 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन भी छुट्टी रहेगी। ऐसे में 7 से 10 सितंबर तक एक तरह से छुट्टी रहेगी। अब तक शिखर सम्‍मेलन के लिए 32,00 से अधिक मीडियाकर्मियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 1,800 विदेशी और 1,200 से अधिक भारतीय मीडियाकर्मी हैं

अपडेटेड Aug 28, 2023 पर 5:11 PM
Story continues below Advertisement
G20 Summit 2023: 8 से 10 सितंबर तक सभी प्राइवेट और दिल्ली सरकार के ऑफिस बंद रहेंगे

G20 Summit 2023 India: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली G-20 शिखर सम्मेलन में आने वाले विदेशी मेहमानों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। G20 शिखर सम्मेलन दिल्ली के प्रगति मैदान में 9 और 10 सितंबर को आयोजित होगा। नई दिल्‍ली के प्रगति मैदान में हाल ही में बनकर तैयार हुए 'भारत मंडपम (Bharat Mandapam in Pragati Maidan)' में G-20 सम्मेलन का आयोजन होगा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत दुनियाभर के दिग्गज नेता दिल्ली में जुटेंगे। ऐसे में 8 से 10 सितंबर तक सभी प्राइवेट और दिल्ली सरकार के ऑफिस बंद रहेंगे। G-20 सदस्य देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और अन्य विदेशी मेहमानों का दिल्ली में आना 8 सितंबर से ही शुरू हो जाएगा।

इसे देखते हुए दिल्ली सरकार ने 8 सितंबर से ही छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया है। जबकि इससे एक दिन पहले 7 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन भी छुट्टी रहेगी। ऐसे में 7 से 10 सितंबर तक एक तरह से छुट्टी रहेगी। अब तक शिखर सम्‍मेलन के लिए 32,00 से अधिक मीडियाकर्मियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 1,800 विदेशी और 1,200 से अधिक भारतीय मीडियाकर्मी हैं। दिल्ली में G-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर रोड और जगहों को सजाया और संवारा जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली (Delhi) में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

G20 Summit के दौरान क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद?


- राष्ट्रीय राजधानी में 8 से 10 सितंबर तक सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दौरान नई दिल्ली जिले में बैंक, वित्तीय संस्थान, कमर्शियल प्रतिष्ठान, रेस्तरां और अन्य व्यवसाय बंद रहेंगे।

- दिल्ली सरकार के सभी सरकारी और प्राइवेट ऑफिस, स्कूल एवं कॉलेज सहित सभी शैक्षणिक संस्थान इन तीन दिन के दौरान बंद रहेंगे।

- कनॉट प्लेस, खान मार्केट, मालचा मार्ग, शंकर मार्केट, जनपथ मोहन सिंह प्लेस और पालिका बाजार जैसे मार्केट इस दौरान बंद रहेंगे।

- NDMC एरिया के तहत आने वाले सभी मार्केट और मॉल बंद रहेंगे। हालांकि, इस क्षेत्र के बाहर ऐसी कोई पाबंदी नहीं होगी।

- इस एरिया के सभी खुदरा शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में बार और रेस्तरां में इस दौरान शराब नहीं परोस पाएंगे।

- हालांकि, तीन दिनों के लिए कारोबार बंद करने की योजना पर शहर के कई व्यापारियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर बाजार बंद रहेंगे तो अंतरराष्ट्रीय पर्यटक खरीदारी करने या स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने कहां जाएंगे।

- नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन की कार्यकारी परिषद के सदस्य अमित गुप्ता के अनुसार, कनॉट प्लेस के व्यापारी G20 अधिकारियों की मेजबानी के लिए उत्सुक थे। उन्होंने कहा, "अगर दुकानें खुली होतीं, तो विदेशी पर्यटकों को विभिन्न कैटेगरीज के अनूठे उत्पाद पसंद आते।"

ये भी पढ़ें- Bengaluru Murder: युवक ने लिव-इन पार्टनर की प्रेशर कुकर से पीट-पीटकर कर दी हत्या, अफेयर का था शक

ये जरूर सेवाएं खुली रहेंगी

- अस्पताल, दवा की दुकानें और दूध की दुकानें जैसी आवश्यक सेवाएं इस दौरान खुली रहेंगी।

- होटल के बार और रेस्तरां के संचालन में कोई रुकावट नहीं होगी।

- सभी भारी वाहनों को दिल्ली की सीमाओं पर रोक दिया जाएगा। हालांकि, इमरजेंसी वाहनों को अनुमति दी जाएगी।

- एडवाइजरी में पुलिस ने आगे कहा कि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) क्षेत्र में कारों की आवाजाही केवल उचित पहचान के साथ ही अधिकृत की जाएगी।

- हालांकि, कचरा, खानपान और हाउसकीपिंग जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी।

- अंतरराज्यीय वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति होगी। लेकिन ISBT टर्मिनलों की यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, उन्हें रिंग रोड से पहले अपनी यात्रा समाप्त करनी होगी।

- निजी ऑटोमोबाइल को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति है, लेकिन उन्हें NDMC एरिया में एंट्री की अनुमति नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।