G-20 Summit 2023: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) के भारत में 9 और 10 सितंबर को होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होने की संभावना है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। भारत और चीन से जुड़े आधिकारिक सूत्रों ने रॉयटर्स को बताया कि शी जिनपिंग के अगले सप्ताह भारत में हो रहे जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने की संभावना कम है।
दो भारतीय अधिकारियों, चीन स्थित एक राजनयिक और एक अन्य जी20 देश की सरकार के लिए काम करने वाले एक अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ली कियांग (Chinese PM Li Qiang) के नई दिल्ली में 9-10 सितंबर की बैठक में बीजिंग का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद है। हालांकि, भारतीय और चीनी विदेश मंत्रालयों के प्रवक्ताओं ने इस खबर पर कोई जवाब नहीं दिया।
भारत में शिखर सम्मेलन को एक ऐसे स्थान के रूप में देखा जा रहा था जहां शी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) से मुलाकात कर सकते हैं, जिन्होंने अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है। शी जिनपिंग ने आखिरी बार बाइडेन से पिछले नवंबर में इंडोनेशिया के बाली में जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर मुलाकात की थी।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वह नई दिल्ली की यात्रा नहीं करेंगे। वह अपनी जगह विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को जी-20 समिट में हिस्सा लेने के लिए भेजेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अगस्त को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत की थी।
इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों पर प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही जोहानिसबर्ग में हाल ही में संपन्न ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सहित आपसी सरोकार के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, टेलीफोन पर हुई इस बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने 9-10 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने में असमर्थता व्यक्त की। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि इस बैठक में रूस का प्रतिनिधित्व रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव करेंगे। रूस के इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत की जी-20 अध्यक्षता के तहत सभी पहलों के लिए रूस के निरंतर समर्थन के लिए राष्ट्रपति पुतिन को धन्यवाद दिया।