Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में रोड रेज से जुड़ी एक हालिया घटना में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक वैज्ञानिक पर कथित तौर पर हमले की खबर सामने आई है। हमलावर ने इसरो वैज्ञानिक पर उस वक्त हमला किया, जब वह बेंगलुरु स्थित अपने ऑफिस जा रहे थे। वैज्ञानिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बताया कि बेंगलुरु के ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर नवनिर्मित HAL अंडरपास के पास रोड रेज का सामना करना पड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, वैज्ञानिक पर कथित तौर पर एक व्यक्ति ने उस समय हमला किया जब वह अपनी कार के अंदर थे।
वैज्ञानिक आशीष लांबा (Aashish Lamba) ने X पर एक पोस्ट में घटना का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह इसरो कार्यालय की ओर जा रहे थे, तो बिना हेलमेट पहने स्कूटर पर सवार एक व्यक्ति अचानक उनकी कार के सामने आ गया। इसके बाद टक्कर से बचने के लिए आशीष को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिसके कारण स्कूटर सवार उनकी कार के सामने रुक गया। फिर बीच सड़क पर वह वैज्ञानिक से गाली-गलौज करने लगा।
कार के डैशबोर्ड कैमरे द्वारा कैप्चर की गई वीडियो फुटेज और तस्वीरों को शेयर करते हुए आशीष ने बताया कि यह घटना 29 अगस्त को बेंगलुरु के ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर हाल ही में निर्मित एचएएल अंडरपास के पास हुई थी। उन्होंने बताया कि स्कूटर सवार उनकी कार के पास आया, उन्हें डांटा और यहां तक कि गुस्से में आकर उसकी कार के टायरों पर लात मार दी। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "कल इसरो ऑफिस जाने के दौरान नवनिर्मित एचएएल अंडरपास के पास बिना हेलमेट के स्कूटी (KA03KM8826) पर एक व्यक्ति लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और अचानक हमारी कार के सामने आ गया। इसलिए हमें अचानक ब्रेक लगाना पड़ा।"
इसके बाद एक पोस्ट में उन्होंने आगे कहा, ''वह हमारी कार के पास आया और लड़ने लगा। उसने मेरी कार को दो बार लात मारी। कृपया आवश्यक कार्रवाई करें।" बेंगलुरु पुलिस के आधिकारिक X अकाउंट ने तुरंत जवाब दिया, "अपना ध्यान दें... हम संबंधित पुलिस अधिकारी को सूचित कर रहे हैं।" आगे मामले की जांच के लिए आशीष के डिटेल्स जानकारी देने का भी अनुरोध किया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। लोगों ने इस तरह के अनियंत्रित व्यवहार के खिलाफ कड़े कदम उठाने की मांग की। एक यूजर ने पूछा, "गिरफ्तारी पर कोई अपडेट? पीड़ित इसरो वैज्ञानिक है। यह हमारे फ्रंट लाइनर्स का हाल है। आम नागरिकों की तो बात ही छोड़िए.. आप असभ्य गुंडे पर कौन सी धारा लगा रहे हैं? कृपया उसकी गिरफ्तारी को सार्वजनिक करें।''
एक अन्य ने टिप्पणी की, ''यह सुनकर दुख हुआ कि बेंगलुरु में दिन-ब-दिन रोड रेज के ढेरों मामले दर्ज हो रहे हैं।'' बता दें कि अभी हाल ही में बेंगलुरु में ही एक और वैज्ञानिक पर तलवार से लैस बदमाशों ने हमला कर दिया था।