Vande Bharat: पीएम मोदी ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन से दो वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, जानें पूरा रूट और टाइम टेबल

प्रधानमंत्री मोदी गीता प्रेस के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शिरकत के लिए शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे। इसके बाद पीएम मोदी ने पहले गोरखपुर से लखनऊ के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फिर गोरखपुर रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फेंसिंग के माध्यम से जोधपुर से अहमदाबाद साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

अपडेटेड Jul 07, 2023 पर 6:12 PM
Story continues below Advertisement
Vande Bharat Express: इस दौरान उन्होंने 498 करोड़ रुपये की गोरखपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना की आधारशिला भी रखी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शुक्रवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन (Gorakhpur Railway Station) से गोरखपुर-लखनऊ (Lucknow-Gorakhpur Vande Bharat Express Train) और जोधपुर-अहमदाबाद (साबरमती) वंदे भारत एक्सप्रेस (Jodhpur-Ahmedabad Vande Bharat Express Train) ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने 498 करोड़ रुपये की गोरखपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना की आधारशिला भी रखी। इस मौके पर राज्य की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी गीता प्रेस के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शिरकत के लिए शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे। इसके बाद पीएम मोदी ने पहले गोरखपुर से लखनऊ के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फिर गोरखपुर रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फेंसिंग के माध्यम से जोधपुर से अहमदाबाद साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन दोनों ट्रेन को मिलाकर देश में अब करीब 50 वंदे भारत ट्रेनें हो गई हैं।

टिकटों की बुकिंग शुरू


अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ने गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत ट्रेन के लिए गुरुवार से ही टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। IRCTC यात्रियों को शताब्दी एक्सप्रेस की तरह वैकल्पिक खानपान सेवाओं के तहत चाय नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात के खाने की सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि 02549 विशेष वंदे भारत ट्रेन उद्घाटन के बाद गोरखपुर से चलकर लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। इस यात्रा के दौरान सहजनवा, खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, अयोध्या और बाराबंकी रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के महत्वपूर्ण शहरों की परिवहन सुविधा में सुधार होगा तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

टाइमिंग और किराया

अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को गोरखपुर से लखनऊ तक की यात्रा के लिए चेयर कार के लिए लगभग 724 रुपये और एक्जीक्यूटिव कार के लिए लगभग 1470 रुपये का भुगतान करना होगा। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड ने भोजन, नाश्ते और चाय आदि की कीमत भी निर्धारित कर दी है।

यह ट्रेन 9 जुलाई से नियमित रूप से गोरखपुर और लखनऊ के बीच चलेगी। इसमें सात चेयर-कार और एक एग्जीक्यूटिव-कार सहित आठ कोच हैं और कुल 556 लोग इसमें यात्रा कर सकते हैं। वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी।

अधिकारियों के मुताबिक नियमित संचालन शुरू होने के बाद वंदे भारत ट्रेन केवल बस्ती और अयोध्या में रुकेगी। यात्री इन स्टेशनों के काउंटर से टिकट बुक कर सकते हैं। ट्रेन परिचालन ठहराव के लिए मनकापुर लेवल क्रॉसिंग पर भी रुकेगी।

इस रूट में जो सबसे तेज ट्रेन है उसकी तुलना में लगभग 2 घंटे की बचत करेगी। यह ट्रेन सुबह 6:05 पर गोरखपुर से चलकर 10:20 पर लखनऊ पहुंचेगी और शाम को 7:15 से लखनऊ से वापस गोरखपुर आएगी।

जोधपुर-साबरमती वंदे भारत

अधिकारियों ने कहा कि जोधपुर-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से जोधपुर, आबू रोड, अहमदाबाद जैसे प्रसिद्ध स्थानों के परिवहन सम्‍पर्क में सुधार होगा और क्षेत्र में सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास की आधारशिला भी रखी। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 498 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा, जो विश्व स्तरीय यात्री सुविधाएं प्रदान करेगा।

ये भी पढ़ें- नीचे चलेगी ट्रेन तो ऊपर खुलेगा शॉपिंग मॉल और रेस्तरां, 498 करोड़ से गोरखपुर रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प! 

गोरखपुर के कार्यक्रमों के समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे जहां वे एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान 12,100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।