प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) शुक्रवार 7 जुलाई को यूपी के गोरखपुर रेलवे स्टेशन से दो वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर वह गोरखपुर रेलवे स्टेशन (Gorakhpur Railway Station) के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बताया कि 498 करोड़ रुपये की लागत से गोरखपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा, जो विश्व स्तरीय यात्री सुविधाएं प्रदान करेगा। आगामी 50 सालों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर गोरखपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा। पुनर्विकास गोरखपुर शहर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होगा।
498 करोड़ की लागत से बनी रेलवे स्टेशन पर विश्व स्तर की कई सारी हाईटेक सुविधाएं मौजूद होंगी। रिपोर्ट के अनुसार इस रेलवे स्टेशन से प्रतिष्ठित गोरखनाथ मंदिर का का मनमोहक दृश्य दिखेगा। इस पुनर्विकास का लक्ष्य स्टेशन को विश्व स्तरीय सुविधाओं में बदलना है।
लगभग 93,000 यात्रियों की रोजाना आवाजाही वाले गोरखपुर रेलवे स्टेशन को लंबे समय से आधुनिकीकरण की मांग की जा रही थी। स्टेशन के लिए व्यापक विकास योजनाएं अगले 50 सालों की जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन की गई हैं। इसमें एक ऐसे भविष्य की कल्पना की गई है, जब वहां अनुमानित 1,68,000 यात्री रोजाना रेलवे स्टेशन से गुजरेंगे।
शॉपिंग मॉल, रेस्तरां और अन्य मनोरंजन सुविधाएं
इस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को शॉपिंग मॉल, रेस्तरां और अन्य मनोरंजन सुविधाएं भी मिलेंगी। सभी प्लेटफार्मों पर बुजुर्ग यात्री भी आसानी से जा सकें इसके लिए स्टेशन को आधुनिक एस्केलेटर से लैस किया जाएगा, जो सभी उम्र और क्षमताओं के यात्रियों की जरूरतों को पूरा करेगा। अधिकारियों ने बताया कि गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर नीचे ट्रेनें चलेंगे। वहीं, स्टेशन की ऊपर शापिंग मॉल और रेस्टोरेंट का बनाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन कई अन्य आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां, यात्रियों सुविधा को देखते हुए वर्ल्ड क्लास की कई सारी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म के ऊपर एक रूफ प्लाजा भी बनाया जाएगा।
वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
इस दौरान पीएम मोदी दोपहर करीब 3 बजकर 40 मिनट पर गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस और जोधपुर-अहमदाबाद (साबरमती) वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ने गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत ट्रेन के लिए गुरुवार से टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। IRCTC यात्रियों को शताब्दी एक्सप्रेस की तरह वैकल्पिक खानपान सेवाओं के तहत चाय नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात के खाने की सुविधा प्रदान करेगा।
अधिकारियों ने बताया कि 02549 विशेष वंदे भारत ट्रेन उद्घाटन के बाद गोरखपुर से चलकर लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। इस यात्रा के दौरान सहजनवा, खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, अयोध्या और बाराबंकी रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के महत्वपूर्ण शहरों की परिवहन सुविधा में सुधार होगा तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को गोरखपुर से लखनऊ तक की यात्रा के लिए चेयर कार के लिए लगभग 724 रुपये और एक्जीक्यूटिव कार के लिए लगभग 1470 रुपये का भुगतान करना होगा। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड ने भोजन, नाश्ते और चाय आदि की कीमत भी निर्धारित कर दी है।
यह ट्रेन 9 जुलाई से नियमित रूप से गोरखपुर और लखनऊ के बीच चलेगी। इसमें 7 चेयर-कार और एक एग्जीक्यूटिव-कार सहित 8 कोच हैं और कुल 556 लोग इसमें यात्रा कर सकते हैं। वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी।
उनके अनुसार प्रधानमंत्री जोधपुर-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे जोधपुर, आबू रोड, अहमदाबाद जैसे प्रसिद्ध स्थानों के परिवहन संपर्क में सुधार होगा और क्षेत्र में सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।