गुरुग्राम: फ्रोजन चिकन लेकर जा रहा था ड्रोन, रास्ते में एंटीना से टकरा हुआ क्रैश, कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज

हरियाणा के गुरुग्राम में एक आवासीय इलाके में फ्रोजन चिकन पहुंचाने जा रहा ड्रोन एक घर के ऊपर लगे डिश एंटीना से टकरा गया और नीचे गिर गया। इससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे आवासीय क्षेत्र साउथ सिटी-2 के जी ब्लॉक में हुई

अपडेटेड Feb 17, 2024 पर 3:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पुलिस ने बताया कि यह ड्रोन, 'स्काई एयर' कंपनी का था

हरियाणा के गुरुग्राम में एक आवासीय इलाके में फ्रोजन चिकन पहुंचाने जा रहा ड्रोन एक घर के ऊपर लगे डिश एंटीना से टकरा गया और नीचे गिर गया। इससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे आवासीय क्षेत्र साउथ सिटी-2 के जी ब्लॉक में हुई। पुलिस ने बताया कि यह ड्रोन, 'स्काई एयर' कंपनी का था। कंपनी ऐसे समय में ड्रोन का इस्तेमाल कर रही थी, जब जिले में मुख्यमंत्री मनोहर खट्टर के दौरे के कारण धारा 144 लागू है। कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

सोसायटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने घटना की जानकारी सेक्टर 50 थाने को दी और पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। माल ढुलाई से जुड़ी सेवाएं मुहैया कराने वाली कंपनी स्काई एयर ने कहा कि ड्रोन के रास्ते में एक बाधा के कारण इसे पास के खुले क्षेत्र में आपातकालीन स्थिति में इसे उतारा गया। उसने कहा, "दुर्भाग्य से ड्रोन एक डिश एंटीना से टकरा गया और छत पर गिर गया।"

कंपनी ने पहले बयान में कहा था कि पायलट ने धारा 144 से जुड़े आदेशों के बारे में जानने के बाद ‘कानून का पालन करने के लिए एक इमारत पर आपातकालीन लैंडिंग करने का प्रयास किया।”


यह भी पढ़ें- एक साल में 104% चढ़ा शेयर, अब रक्षा मंत्रालय से कंपनी को मिला ₹170 करोड़ का ऑर्डर

सीआरपीसी की धारा 144 के तहत लागू निषेधाज्ञा के अनुसार 15 और 16 फरवरी को गुरुग्राम जिले में मानव रहित हवाई वाहनों (ड्रोन आदि) के इस्तेमाल पर बैन लगा दिया गया था। एक शिकायत के आधार पर स्काई एयर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा), 287 (मशीनरी के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण), 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य) के तहत गुरुवार रात सेक्टर 50 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

FIR के मुताबिक ड्रोन किसी तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ। सेक्टर 50 पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा, ‘हमने क्षतिग्रस्त ड्रोन को कब्जे में ले लिया है और जांच कर रहे हैं। कंपनी के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।’

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।