हरियाणा के पंचकूला में भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू जगुआर विमान क्रैश हो गया है। विमान ने अंबाला से उड़ान भरी थी और ये एक ट्रेनिंग फ्लाइट थी। गनीमत ये रही है कि पायलट समय रहते पैराशूट के जरिए विमान से बाहर निकल गया। ये हादसा पंचकूला की मोरनी तहसील के बलदवाला गांव की है।
न्यूज एजेंसी ANI ने भारतीय वायुसेना के अधिकारी के हवाले से कहा, "भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान आज हरियाणा के अंबाला में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान ने प्रशिक्षण उड़ान के लिए अंबाला एयरबेस से उड़ान भरी थी। पायलट विमान से बाहर निकल गया। दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।"
भारतीय वायुसेना के अनुसार, पायलट को सिस्टम में खराबी का सामना करना पड़ा और सुरक्षित रूप से बाहर निकलने से पहले वह विमान को रिहायशी इलाके से दूर ले गया।
IAF ने कहा, "पायलट ने विमान को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने से पहले उसे जमीन पर मौजूद किसी भी आबादी वाले इलाके से दूर ले गया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए वायुसेना ने जांच के आदेश दे दिए हैं।"
जगुआर एक ब्रिटिश-फ्रांसीसी क्लोज एयर सपोर्ट और जमीनी हमला करने वाला विमान है। 1960 के दशक के आखिर में ये विमान डेवलप किया गया था और भारत अकेला ऐसा देश है जो आज भी अपनी वायुसेना में इस विमान को इस्तेमाल कर रहा है।