Weather Forecast: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण अगले कुछ दिनों तक हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी (Snowfall) और कुछ राज्यों में भारी बारिश (Rainfall) की चेतावनी जारी की है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सुबह आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने 24 घंटे के दौरान दिल्ली में बारिश होने के आसार जताए हैं। IMD के मुताबिक, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर भी राष्ट्रीय राजधानी में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की आशंका है।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र, सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ऊपर और इस महीने में अब तक का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान है। IMD के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
IMD के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले चार साल में इस महीने में दर्ज सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान था। विभाग ने आसमान में छाए बादलों को रात में ठंड में कमी के लिए जिम्मेदार ठहराया।
मौसम विभाग ने कहा कि बादल दिन में गर्मी को रोक लेते हैं, जिससे रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहता है। हालांकि, वे सूर्य की रोशनी को धरती पर पहुंचने से भी रोकते हैं, जिससे दिन के तापमान में कमी आती है।
IMD के अनुसार, उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले एक तीव्र वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से दिल्ली में मंगलवार से लेकर गुरुवार तक हल्की बारिश होने की आशंका है। मौसम कार्यालय ने जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में ओलावृष्टि की भी भविष्यवाणी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 से 28 जनवरी के दौरान उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान और 24 और 28 जनवरी को पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश/गरज के साथ छींटे पड़ने की आशंका है। IMD के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और बर्फबारी की शुरुआत होगी, जिससे तापमान में और गिरावट आने की आशंका है।