एक दिन में IMPS से अब 2 लाख के बजाय 5 लाख रुपए ट्रांसफर कर सकते हैं

IMPS के जरिए इंस्टेंट फंड ट्रांसफर किया जाता है और अब ऑनलाइन फंड ट्रांसफर और आसान हो गया है

अपडेटेड Oct 08, 2021 पर 9:14 PM

रिजर्व बैंक ने IMPS के जरिए होने वाले ट्रांजैक्शन की लिमिट बढ़ा दी है। अब एक दिन में 2 लाख रुपए के बजाय 5 लाख रुपए ट्रांसफर कर सकते हैं। यानी अब ऑनलाइन फंड ट्रांसफर करना और आसान हो गया है।

रिजर्व बैंक ने कहा, "घरेलू पेमेंट और लेनदेन में IMPS की अहमियत को समझते हुए यह फैसला लिया गया है कि इसकी ट्रांजैक्शन लिमिट 2 लाख रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दिया जाएगा।" RBI ने कहा कि IMPS की लिमिट बढ़ने से डिजिटल पेमेंट बढ़ेगा।

ग्राहकों की सहूलियत के लिए RBI ने यह फैसला किया है। अब RTGS  की टाइमिंग 24X7 हो गई है यानी आप किसी भी वक्त RTGS के जरिए ऑनलाइन फंड ट्रांसफर कर सकते हैं।


IMPS यानी Immediate Payment Service नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) का अहम हिस्सा है। इसके जरिए 24X7 फंड ट्रांसफर किया जा सकता है। इसमें इंटरनेट बैंकिंग के अलावा मोबाइल बैंकिंग ऐप्स, बैंक ब्रांच, ATM, SMS और IVRS के जरिए फंड ट्रांसफर होता है। हालांकि RBI ने डेली ट्रांजैक्शन की जो सीमा बढ़ाई है वह SMS और IVRS पर लागू नहीं होगी। SMS और IVRS के जरिए सिर्फ 5000 रुपए का ही ट्रांसफर हो पाएगा।

इस बीच शुक्रवार को RBI ने मॉनेटरी पॉलिसी में लगातार आठवीं बार कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया। रेपो रेट पहले की तरह 4% पर और रिवर्स रेपो रेट 3.35% पर बरकरार है।




सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।