श्रीलंकाई नेवी और भारतीय नाव के बीच समुद्र में टक्कर! भारत के 1 मछुआरे की मौत, श्रीलंका के उच्चायुक्त तलब

Katchatheevu Island: भारत ने इस घटना को लेकर नई दिल्ली स्थित श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय में तलब किया है। नई दिल्ली में श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को गुरुवार को भारतीय विदेश मंत्रालय में बुलाया गया और घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया

अपडेटेड Aug 01, 2024 पर 3:24 PM
Story continues below Advertisement
Katchatheevu Island: श्रीलंगाई नौसेना प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है (फाइल फोटो)

Katchatheevu Island: मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार (1 अगस्त) सुबह श्रीलंकाई नौसेना के पोत और कथित तौर पर श्रीलंका के जलक्षेत्र में अवैध शिकार कर रही भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव के बीच टक्कर में एक भारतीय मछुआरे की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य भारतीय लापता हो गया है। यह घटना कच्चाथीवु द्वीप के उत्तर में लगभग पांच समुद्री मील की दूरी पर हुई। 'डेली मिरर ऑनलाइन' की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंगाई नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन गयान विक्रमसूर्या ने कहा कि यह घटना डेल्फ़्ट द्वीप के पास उस समय हुई जब नौसेना कथित तौर पर अवैध शिकार करने वाले भारतीय ट्रॉलरों को खदेड़ने के लिए अभियान चला रही थी।

उन्होंने दावा किया कि चार मछुआरों को ले जा रहा भारतीय ट्रॉलर आक्रामक युद्धाभ्यास और खराब समुद्री परिस्थितियों के कारण पलट गया। प्रवक्ता ने कहा, "एक मछुआरा लापता है और नौसेना उसे खोजने के लिए तलाशी अभियान चला रही है। बचाए गए मछुआरों में से एक को पंकुदुथिवु अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी मौत हो गई। अन्य दो मछुआरों की हालत स्थिर बताई जा रही है।" प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

भारत ने जताया विरोध


भारत ने इस घटना को लेकर नई दिल्ली स्थित श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय में तलब किया है। नई दिल्ली में श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को गुरुवार को भारतीय विदेश मंत्रालय में बुलाया गया और घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

बता दें कि मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में एक विवादास्पद मुद्दा है, जिसमें श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी की। श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने की कई कथित घटनाओं में उनकी नौकाओं को जब्त कर लिया। दोनों देशों के मछुआरों को अनजाने में एक-दूसरे के जलक्षेत्र में घुसने के लिए अक्सर गिरफ्तार किया जाता है।

मछुआरों के परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाई गई

इस बीच, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए मछुआरों के परिवारों को दी जाने वाली दैनिक सहायता राशि में वृद्धि की घोषणा की है। स्टालिन ने इसके अलावा श्रीलंका द्वारा जब्त की गई नौकाओं के मालिकों को भी मिलने वाली मदद में वृद्धि की है। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से अनुरोध किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि मछुआरों के प्रतिनिधियों को श्रीलंकाई जेल में बंद भारतीय मछुआरों से मिलने की अनुमति मिले।

उन्होंने आग्रह किया कि केंद्र को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए 87 मछुआरों और 175 नौकाओं की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने चाहिए। आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने श्रीलंका की जेलों में बंद मछुआरों के परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि को 250 रुपये से बढ़ाकर 350 रुपये प्रतिदिन करने का आदेश दिया है।

ये भी पढ़ें- 'वह भारतीय हैं या अश्वेत?' अमेरिकी चुनाव में कमला हैरिस पर नस्लीय कमेंट कर घिरे ट्रंप

श्रीलंकाई नौसेना द्वारा जब्त किए गए मछली पकड़ने वाले इलेक्ट्रिक नौकाओं के मालिकों को दी जाने वाली राहत राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर छह लाख रुपये कर दी गई है। जबकि देशी नौकाओं के मालिकों के लिए यह राशि दोगुनी करके दो लाख रुपये कर दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।