जहांगीरपुरी: 'अपराधियों का गढ़ है इलाका, अवैध हथियार मिलना यहां कोई बड़ी बात नहीं', हनुमान जयंती हिंसा पर बोले पुलिस अधिकारी
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन लोगों के लिए "अवैध रूप से हथियार हासिल करना कोई बड़ी बात नहीं है
MoneyControl News
अपडेटेड Apr 19, 2022 पर 4:51 PM
जहांगीरपुरी के C-ब्लॉक के रास्ते पर तैनात दिल्ली पुलिस के जवान (Moneycontrol Hindi)
जहांगीरपुरी (Jahangirpuri), जिस इलाके में शनिवार को सांप्रदायिक दंगे (Hanuman Jayanti Violence) हुए थे, वह "अपराधियों का केंद्र" है। ऐसा कहना है दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के उन अधिकारियों का, जो इस जिले या रेंज तैनात रह चुके हैं। CNN-News18 के मुताबिक, उन्होंने बताया, इन लोगों के लिए "अवैध रूप से हथियार हासिल करना कोई बड़ी बात नहीं है।" हालांकि, सभी अधिकारियों ने यह भी कहा कि अपराधियों ने कभी भी स्थानीय पुलिस थाने पर हमला नहीं किया है। शनिवार को जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती जुलूस के दौरान झड़प हुई, जिसमें आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय घायल हो गया था।
दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने सोमवार को कहा कि अब तक दो समुदायों के 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है और इसे आगे बढ़ाने के लिए 14 टीम बनाई गई हैं। सबूत जुटाने के लिए चार फॉरेंसिक टीमों ने भी मौके का दौरा किया।
News18 ने अपनी इस रिपोर्ट में जॉइंट कमिश्नर से लेकर स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) तक, उन आधिकारियों से बातचीत की, जो इस इलाके में सेवा दे चुके हैं या तैनात रह चुके हैं।
एक वरिष्ठ IPS अधिकारी, जिन्होंने जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) के रूप में यहां काम कर चुके हैं, उन्होंने ने इस इलाको को "आपराधिक प्रवृत्ति" वाला बताया।
उन्होंने कहा, "उत्तर-पश्चिम जिला चलाते समय प्राथमिकता जहांगीरपुरी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। स्थानीय पुलिस का क्षेत्र में अच्छा नेटवर्क और पैठ होनी चाहिए। डकैती जैसे सड़क पर होने वाले किसी भी अपराध के मामले में, ज्यादातर इलाके के एक ही अपराधी को या तो शामिल पाया जाता है या इसके बारे में पता होता है।"
डकैती के मामले में दिल्ली में टॉप 10 में
जहांगीरपुरी प्रसिद्ध आजादपुर मार्केट के करीब है। जहांगीरपुरी थाना पुलिस हर छह घंटे में औसतन एक मामला दर्ज करती है। पुलिस थाना डकैती के मामले में दिल्ली में टॉप 10 में है। पिछले साल थाने में 1,130 मामले सामने आए थे, जबकि 2022 में दंगों से पहले तक यह संख्या 439 थी।
जिले के एक पूर्व DCP ने बताया, "कोई भी स्पेशल यूनिट जैसे क्राइम ब्रांच या स्पेशल सेल आदि स्थानीय पुलिस, विशेष रूप से बीट अधिकारी के समर्थन के बिना इलाके में कोई भी ऑपरेशन करने से बचते हैं। हालांकि, शनिवार की तरह, पुलिस पर हुआ हमला चौकाने वाला है।"
एक इंस्पेक्टर, जो इलाके में SHO थे, उन्होंने कहा कि C और CD ब्लॉक प्राथमिकता है और स्थानीय पुलिस के रडार पर है। अधिकारी ने कहा, "जहांगीरपुरी में कुशल चौक एक ऐसा क्षेत्र है, जहां कानून व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। स्थानीय कर्मचारियों और बीट अधिकारियों के पास इलाके में अच्छे सोर्स हैं।"
'अवैध हथियार मिलना कोई बड़ी बात नहीं'
दंगों के दौरान इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार रखने के बारे में पूछे जाने पर, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "जिस भी पुलिस अधिकारी ने इस इलाके में काम किया होगा या कर रहा होगा, ऐसे किसी भी पुलिस वाले के लिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है।"
इस रेंज में तैनात रहे, एक जॉइंट CP ने कहा, "पिछले कुछ सालों में इस इलाके में प्रवासियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है। यह दिल्ली के शीर्ष क्षेत्रों में से एक है, जहां अवैध हथियार आसानी से खरीदे जा सकते हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा इलाके में कई ऑपरेशन किए जाने के बाद भी अपराधी अवैध रूप से हथियार हासिल करने में कामयाब हो जाते हैं।"
एक और वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "केवल दिल्ली पुलिस ही नहीं, ऐसे भी उदाहरण हैं, जहां दूसरे राज्य की पुलिस ने अपने राज्यों में अपराधों के संबंध में स्थानीय पुलिस से संपर्क किया है। अपराधी अक्सर दूसरे शहरों में अपराध करते हैं और यहां वापस आ जाते हैं।"