चुनाव आयोग जम्मू और कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करने वाला है। इस बीच सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश में पुलिस विभाग के भीतर एक बड़ा फेरबदल कर दिया। ECI के निर्देशों को मानते हुए, आठ DIG और 14 SSP सहित 24 सीनियर पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से ट्रांसफर कर दिया गया है। इतने बड़े स्तर फेरबदल इसलिए किया है ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराए जा सकें। साथ ही चुनावी प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए तय मानदंडों के अनुसार, कोई भी अधिकारी अपने गृह जिले में तैनात न रहे या दो साल से ज्यादा समय तक एक ही पद पर न रहे।
चुनाव आयोग शुक्रवार दोपहर को विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। हालांकि, अभी ये स्पष्ट नहीं है कि किन राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के तय समय चक चुनाव कराना है
चुनाव आयोग की योजना सुप्रीम कोर्ट की ओर से निर्धारित समय सीमा 30 सितंबर से पहले जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने की है।
गुरुवार देर रात जम्मू-कश्मीर के सामान्य प्रशासन विभाग ने तत्काल प्रभाव से 89 ट्रांसफर और पोस्टिंग के आदेश जारी किए। तबादलों में पुंछ और बांदीपोरा जिलों के DC, सचिव, कमिश्नर, DG, MD और कई विभागों के डायरेक्टर शामिल हैं।
गृह जिलों में तैनात अधिकारियों का हटाया
भारत के चुनाव आयोग ने 31 जुलाई को केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन से अपने गृह जिलों में तैनात अधिकारियों को ट्रांसफर करने के लिए कहा, यह चुनाव कराने से पहले की एक प्रक्रिया है।
पोल पैनल ने चुनावी राज्यों महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड के मुख्य सचिवों को भी इसी तरह के निर्देश जारी किए थे। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर, महाराष्ट्र का 26 नवंबर और झारखंड का 5 जनवरी को खत्म हो रहा है।
अधिकारियों के तुरंत नई पोस्टिंग ज्वाइन करने का आदेश
गुरिंदरपाल सिंह, AIG (P&T) PhQ को SSP बारामूला के रूप में तैनात किया गया है, वे नागपुरे आमोद अशोक की जगह लेंगे, जिन्हें SSP उधमपुर के पद पर भेजा गया है।
IR-2 के कमांडिंग ऑफिसर अमृतपाल सिंह को CID हेडक्वार्टर का SSP (तकनीकी) नियुक्त किया गया है, जबकि 1 बॉर्डर बटालियन, जम्मू के कमांडिंग ऑफिसर मुमताज अहमद, अब SSP पुंछ के रूप में काम करेंगे।
ट्रांसफर किए गए अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत अपना नया कार्यभार संभालें, साथ ही सभी को उनके पिछले कार्यभार से मुक्त माना जाए।
केंद्र शासित प्रदेश की चुनाव तैयारियों की समीक्षा करने के लिए जम्मू-कश्मीर की अपनी दो दिन की यात्रा के बाद, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने 9 अगस्त को कहा कि किसी भी आंतरिक या बाहरी ताकतों को विधानसभा चुनावों में रुकावट पैदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और चुनाव "जल्द से जल्द" होंगे।