Janmashtami 2022: दुनिया भर में कोरोना वायरस महामारी के चलते दही हांडी उत्सव पर भी रोक लग गई थी। अब दो साल बाद महाराष्ट्र में यह उत्सव धूम-धाम से मनाने की तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार ने भी इस बार गोविंदा पथकाओं की सुध ली है। सरकार ने सभी गोविंदा पथकों को 10-10 लाख रुपये का बीमा देने का ऐलान किया है। इसकी वजह ये है कि कई बार गोविंदा पथक हांडी फोड़ते समय घायल हो जाते हैं। इधर कई दही हांडी उत्सव में इनाम राशि में भी जोरदार इजाफा हुआ है। इस दही हांडी उत्सव में कई राजनीतिक दल शामिल होते हैं।
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि गोविंदा पथकों के बीमा का प्रीमियम सरकार भरेगी। सभी गोविंदाओं को सुरक्षित रखने और दुर्घटना की स्थिति में बीमा कराया गया है। बता दें कि बीमा की मांग दही हांडी मंडलों ने की थी। राजनीतिक दलों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी गोविंदाओं का 10-10 लाख रुपये का बीमा कराया है। वहीं राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने 1000 गोविंदाओं का कुल 1,000 करोड़ रुपये का फ्री बीमा करा रही है।
मटकी फोड़ने वालों को मिलते हैं लाखों रुपये
महाराष्ट्र का दही हांडी उत्सव काफी पॉपुलर है। इसकी वजह ये है कि मटकी फोड़ने वाली टीम को लाखों का इनाम दिया जाता है। दही हांडी का यह उत्सव जन्माष्टमी के दूसरे दिन मनाया जाता है। इस दिन एक ऊंचे से तार पर एक हांडी मक्खन से भरकर ऊंचाई पर टांग दी जाती है। जिसके बाद गोविंदाओं की टोली एक श्रृंखला बनाकर उस हांडी को तोड़ने की कोशिश करती है। इस अवसर पर बड़े-बड़े मंडल लाखों-करोड़ों के इनाम रखते हैं। जो टोली हांडी को फोड़ने में कामयाब होती है। उसे विजेता घोषित करके इनाम की राशि दी जाती है।
जानिए कहां मिलता है कितना इनाम
संस्कृति युवा प्रतिष्ठान दही हांडी, ठाणे
शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक प्रताप सरनाइक दही हांडी का उत्सव पिछले कई सालों से मना रहे हैं। 2012 में जय जवान गोविंदा मंडल ने यहां 43.79 फुट और 9 परत मानव पिरामिड बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में प्रवेश किया था। उसके बाद से यहां हर साल होने वाले दही हांडी उत्सव को देखने के लिए बॉलीवुड और राजनीति जगत की तमाम हस्तियां पहुंचती हैं। इसका आयोजन ठाणे जिले के वर्तक नगर इलाके में एक म्युनिसिपल स्कूल में किया जाता है। पिछले कुछ सालों यहां इनाम की राशि एक करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। इस बार प्रताप सरनाइक ने 21 लाख रुपये का इनाम रखा है। वहीं मनसे के नेता अविनाश जाधव की ओर से ठाणे में ही मनाए जाने वाले एक और दही हांडी उत्सव में भी इस बार 21 लाख रुपये का इनाम रखा गया है।
दादर छबीलदास लेन हांडी, दादर
मुंबई के दादर इलाके में मनाया जाने वाला यह दही हांडी उत्सव सबसे बड़े दही हांडी उत्सव में से एक है। यहां न सिर्फ लड़कों की गोविंदा टोलियां मटकी फोड़ती हैं, बल्कि लड़कियों की टोलियां भी मटकी को फोड़ने के लिए पुरजोर कोशिश करती हैं। इसे देखने के लिए बड़ी तादात में लोग एकत्र होते हैं। यहां अब तक 11 लाख रुपये इनाम मिलता रहा है।
राम कदम दही हांडी, घाटकोपर
BJP विधायक राम कदम के नाम पर दही हांडी कार्यक्रम में हर साल पूरे मुंबई से गोविंदा टोली आती है। घाटकोपर के सेनिटोरियम लेन में आयोजित होने वाली इस दही हांडी में जबरदस्त भीड़ देखने को मिलती है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में मशहूर हस्तियां शामिल होती हैं। पिछली बार इस दही हांडी में शाहरुख खान, आशा पारेख, अमीषा पटेल और युक्ता मुखी समेत कई हस्तियों ने शिरकत की थी। यहां इनाम की राशि अब 11 लाख से 51 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है। इस बार यहां 21 लाख रुपये का इनाम रखा गया है।